श्री कृष्ण जन्मभूमि मुक्ति आंदोलन: रथ यात्रा के लिए जयपुर से 51 सदस्यीय दल जगन्नाथपुरी रवाना

0
42
Shri Krishna Janmabhoomi Liberation Movement
Shri Krishna Janmabhoomi Liberation Movement

जयपुर। श्री कृष्ण जन्मभूमि मुक्ति आंदोलन के तहत देश के चारों प्रमुख धामों से मथुरा तक निकाली जा रही श्री कृष्ण रथ यात्राओं के अंतिम चरण का शुभारंभ बुधवार को हुआ। इस यात्रा में भाग लेने के लिए जयपुर से 51 सदस्यीय श्रद्धालुओं का दल ओडिशा स्थित जगन्नाथपुरी के लिए रवाना हुआ।

खातीपुरा स्थित जयपुर धर्म संसद भवन से श्री कृष्ण रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस दौरान संयुक्त भारतीय धर्म संसद के राष्ट्रीय अध्यक्ष आचार्य राजेश्वर, भक्त कवि डॉ. कैलाश परवाल, सुदीप तिवारी, वीर हनुमान मंदिर अध्यक्ष प्रमोद शर्मा, राहुल प्रताप सिंह राठौड़, मोहनलाल जांगिड़, प्रकाश गौड, ‘सूक्ष्म गीता’ के रचयिता राम सिंह राजोरिया और डॉ. लता शर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

संयुक्त भारतीय धर्म संसद के राष्ट्रीय अध्यक्ष आचार्य राजेश्वर ने बताया कि जगन्नाथपुरी से शुरू होकर मथुरा तक जाने वाली यह यात्रा 8 अक्टूबर तक चलेगी। लगभग 2,100 किलोमीटर लंबे इस मार्ग में यात्रा 100 से अधिक छोटे-बड़े गांवों, कस्बों और शहरों से होकर गुजरेगी, जहां भव्य जुलूस और धर्म सभाओं का आयोजन होगा। इस दौरान मार्ग में जगह-जगह भक्त कवि डॉ. कैलाश परवाल द्वारा रचित महाकाव्य ‘श्री कृष्णम’ का संगीतमय पाठ भी किया जाएगा। यह यात्रा जगन्नाथपुरी से प्रारंभ होकर भुवनेश्वर, संभलपुर, वाराणसी, प्रयाग, अयोध्या, कन्नौज और आगरा होते हुए अंतिम पड़ाव मथुरा पहुंचेगी।

संयुक्त भारतीय धर्म संसद एवं श्री कृष्ण जन्मभूमि मुक्ति न्यास, मथुरा द्वारा मेहंदीपुर बालाजी मंदिर के महंत डॉ. नरेश पुरी महाराज के सान्निध्य और आचार्य राजेश्वर के मार्गदर्शन में पिछले तीन वर्षों से यह आंदोलन चलाया जा रहा है।

आंदोलन के तहत देश के चारों धामों से चार यात्राएं निकालने का संकल्प लिया गया था। चारों यात्राओं के संपन्न होने के बाद मथुरा, जयपुर और दिल्ली में विशाल धर्म सभाएं आयोजित की जाएंगी। इन सभाओं के माध्यम से केंद्र सरकार को एक मांग पत्र सौंपा जाएगा, जिसमें श्री कृष्ण जन्मभूमि से संबंधित याचिकाओं की शीघ्र सुनवाई की व्यवस्था करने और जन्मस्थान से अतिक्रमण हटाने के लिए सख्त कानून बनाने की मांग रखी जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here