जयपुर। निवारू रोड झोटवाड़ा के शक्तिनगर में 23 से 29 मई तक श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा। व्यासपीठ से वृंदावन धाम के सुधीर कृष्ण उपाध्याय महाराज दोपहर ढाई से शाम साढ़े छह बजे तक कथाश्रवण कराएंगे। मनोज खंडेलवाल, अनिल खंडेलवाल, राजू खंडेलवाल, अमित शर्मा, उपेन्द्र शर्मा कथा की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं।
प्रचंड गर्मी को देखते हुए श्रोताओं के लिए कथा पांडाल को ठंडा रखने के लिए पर्याप्त इंतजाम किए जाएंगे। कथा के दौरान सजीव झांकियां सजाई जाएंगी। निवारू रोड पर पहली बार कथा के विशाल आयोजन से लोगों में भारी उत्साह है। बुधवार को गणेशजी को प्रथम निमंत्रण देकर कथा के निर्विघ्न रूप से संपन्न होने की प्रार्थना की गई। साथ ही रिद्धी-सिद्धी संग पधारने का न्यौता दिया गया।
इस मौके पर पोस्टर का विमोचन भी किया गया। आयोजकों की ओर से कथा प्रसंग के दौरान पौधों और पक्षियों के लिए परिंडों का वितरण भी किया जाएगा।
कलश यात्रा के साथ होगा श्रीगणेश:
कथा की शुरुआत कलशयात्रा और शोभायात्रा के साथ होगी। गाजेबाजे के साथ निकलने वाली कलश यात्रा 23 मई को सुबह आठ बजे शक्तेश्वर महादेव मंदिर से रवाना होगी। हाथोज धाम के स्वामी बालमुकुंदाचार्य(हवामहल विधायक) कलश यात्रा को रवाना करेंगे। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं सिर पर मंगल कलश लेकर चलेंगी।
वहीं पुरुष यजमान के रूप में भागवत पोथी रखकर चलेंगे। प्रथम दिवस भागवत कथा के महात्म्य के साथ धुंधकारी मोक्ष की कथा होगी। शनिवार, 24 मई को परीक्षित और शुकदेव आगमन और हिरण्यकश्यप उद्धार की कथा होगी। 25 को कपिल देव आगमन, धु्रव, प्रहलाद चरित्र की कथा होगी। सुबह साढ़े आठ बजे से संगीतमय सुंदरकांड पाठ होगा।
सोमवार, 26 मई को धूमधाम से मनेगा नंदोत्सव:
सोमवार 26 मई को गजेन्द्र मोक्ष, समुद्र मंथन, बालि-वामन चरित्र, श्रीराम कथा के बाद नंदोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। 27 मई को श्री कृष्ण की बाल लीलाएं और गोवर्धन पूजा का प्रसंग होगा। छप्पन भोग की झांकी सजाई जाएगी। 28 मई को महारास एवं कृष्ण-रुक्मणि विवाह की कथा होगी। गुरुवार 29 मई को सुदामा चरित्र, 24 गुरुओं की कथा, परीक्षित मोक्ष प्रसंग के साथ कथा का विश्राम होगा।