जयपुर। एमआई रोड स्थित आस्था के केन्द्र श्री अमरापुर स्थान में श्री प्रेम प्रकाश मंडल के संस्थापक आचार्य स्वामी टेऊंराम महाराज का चालिहा महोत्सव बुधवार को शुरू हुआ। सुबह संतों के सानिध्य में ब्राह्मणों ने विधिवत पूजा-अर्चना कर सभी भक्तों के रक्षा सूत्र बांधकर चालिहा महोत्सव अनुष्ठान प्रारंभ करवाया गया।
चालिहा महोत्सव के शुभारंभ पर हजारों की संख्या में गुरु प्रेमियों ने अनुष्ठान में भाग लिया। भक्तों ने अपनी मनोकामनाएं गुरु महाराज के श्रीचरणों में रखी। उत्सव के उपलक्ष में फूल बंगला की मनमोहक झांकी सजाई गई।
चालीस दिन सुबह से शाम होंगे आयोजन:
संत मोनूराम महाराज ने बताया कि चालिहा महोत्सव के उपलक्ष में श्री अमरापुर स्थान में 40 दिन तक प्रतिदिन सुबह 5:50 से 6:30 तक हवन होगा। 7 से 8:30 बजे तक प्रार्थना, सतगुरु टेऊंराम महिमा गुणगान, सामूहिक चालीसा का पाठ होगा। शाम को भजन-संकीर्तन, सत्संग, सामूहिक चालीसा का पाठ, सतनाम साक्षी महामंत्र का जाप, आरती सहित अन्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। उत्सव के उपलक्ष में 40 दिन गुरु महाराज के समाधि स्थल को ऋतु पुष्पों से श्रृंगारित किया जाएगा। चालीहा महोत्सव का समापन 30 जून को सद्गुरु टेऊंराम जयंती पर होगा।