जयपुर। सूरजपोल बाजार स्थित श्री श्वेत सिद्धिविनायक गणेश मंदिर में छह दिवसीय गणेश महोत्सव का आगाज महिलाओं की कलश यात्रा के साथ हुआ। महोत्सव के दौरान विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान, झांकियां और भक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
मंदिर में 10 सितम्बर को महायज्ञ के साथ गणपति महाराज का गन्ने के रस से अभिषेक किया जाएगा। 11 सितंबर को हवन-यज्ञ और नववस्त्र श्रृंगार के साथ छप्पन भोग की झांकी सजाई जाएगी। वहीं 12 सितम्बर को लड्डुओं की भव्य झांकी के दर्शन श्रद्धालुओं को होंगे।
13 सितम्बर को महिलाओं की ओर से सिंजारा महोत्सव मनाया जाएगा। इसके बाद 14 सितम्बर को गणेश चतुर्थी के अवसर पर विशेष धार्मिक आयोजन होंगे। सुबह 5.15 बजे से दोपहर 1.15 बजे तक पूजा और दुग्धाभिषेक किया जाएगा। इसके बाद गणपति महाराज का पंचामृत से अभिषेक होगा तथा गणपति महायज्ञ आयोजित किया जाएगा।
महायज्ञ की पूर्णाहुति के बाद शाम को विशेष श्रृंगार झांकी और भक्ति संध्या का आयोजन होगा। मंदिर में गणेश महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है और आयोजन की तैयारियां की जा रही हैं।


















