सीआईडी (सीबी) का बड़ा एक्शन: मंदिर में दबिश देकर 5.6 किलो अफीम और 7.5 किलो गांजे के साथ तस्कर गिरफ्तार

0
107
Smuggler arrested with 5.6 kg of opium and 7.5 kg of cannabis following a raid on a temple.
Smuggler arrested with 5.6 kg of opium and 7.5 kg of cannabis following a raid on a temple.

जयपुर। राजस्थान पुलिस की सीआईडी क्राइम ब्रांच की स्पेशल टीम ने करौली जिला पुलिस के समन्वय से अवैध मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ एक बड़ी और सफल कार्रवाई को अंजाम दिया है।

अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस अपराध शाखा विपिन कुमार पाण्डेय के निर्देशन में चलाए जा रहे धरपकड़ अभियान के तहत टीम ने टोडाभीम थाना इलाके के गांव भनकपुरा (भैसीना) में दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर भारी मात्रा में 5.654 किलोग्राम अवैध अफीम और 7.52 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है।

इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से एक शातिर अंतरराज्यीय तस्कर राकेश उर्फ रूद्रगिरी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। यह पूरी कार्रवाई सीआईडी (सीबी) की उप महानिरीक्षक पुलिस राशि डोगरा डूडी एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नेहा अग्रवाल के सुपरविजन तथा उप निरीक्षक शैलेन्द्र कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष टीम द्वारा संपादित की गई।

मुखबिर की सूचना पर मंदिर में घेराबंदी, बैग से निकले अफीम और गांजा

सीआईडी टीम के सदस्य सहायक उपनिरीक्षक दुष्यंत सिंह और हेड कांस्टेबल शाहिद अली को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि टोडाभीम के भैसीना गांव में स्थित ध्यानसंत मंदिर के अंदर एक व्यक्ति भारी मात्रा में अफीम और गांजा बेचने के लिए किसी ग्राहक का इंतजार कर रहा है। इस सूचना को तकनीकी रूप से पुख्ता करने के बाद करौली पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल के समन्वय से टोडाभीम थानाधिकारी सुनीराम के नेतृत्व में पुलिस जाब्ते को साथ लेकर मंदिर परिसर में दबिश दी गई।

वहां पुलिस को देखकर एक संदिग्ध व्यक्ति हड़बड़ाकर भागने लगा, जिसे घेरा देकर डिटेन किया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम राकेश उर्फ रूद्रगिरी (35) निवासी जिला सागर (मध्य प्रदेश) हाल निवासी भैसीना (करौली) बताया। जब पुलिस ने उसके बैग की तलाशी ली, तो उसके अंदर से 5.654 किलोग्राम शुद्ध अवैध अफीम और 772 ग्राम अवैध गांजे के 350 तैयार पाउच बरामद हुए, जिन्हें मौके पर ही जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में खुला बड़े ड्रग सिंडिकेट का राज, पुलिस की गाड़ी देख दीवार कूदकर भागा दूसरा तस्कर

गिरफ्तार तस्कर राकेश उर्फ रूद्रगिरी ने पूछताछ में कबूल किया कि वह खुद भी नशा करता है और यहां अफीम-गांजे की पुड़िया बनाकर बेचता है। उसने खुलासा किया कि वह यह माल भैसीना निवासी मिथुन धाकड़ उर्फ उत्तम से लेकर आता है, जो बड़े स्तर पर मादक पदार्थों की तस्करी का नेटवर्क चलाता है।

इसी दौरान टीम को गांव के ही योगेश धाकड़ के पास भी अवैध गांजा होने की दूसरी इनपुट मिली। जब पुलिस टीम योगेश धाकड़ के घर पहुंची, तो वह पुलिस की सरकारी गाड़ी देखकर प्लास्टिक का कट्टा उठाकर अपने रिहायशी मकान (पाटोर पोश) के अंदर भागा और उसे छुपाकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए पीछे की दीवार कूदकर फरार हो गया। पुलिस ने जब योगेश के घर की तलाशी ली, तो पत्थर की टांड के ऊपर रखे कट्टे से 6.280 किलोग्राम अवैध गांजा (6 पैकेट) बरामद हुआ।फरार आरोपी योगेश धाकड़ और मुख्य सप्लायर मिथुन धाकड़ उर्फ उत्तम की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

कार्रवाई में इन पुलिस अधिकारियों व कार्मिकों की रही सराहनीय भूमिका

सीआईडी (सीबी) टीम से उप निरीक्षक शैलेन्द्र शर्मा के नेतृत्व में शंकर दयाल शर्मा, बृजेश कुमार शर्मा, रविन्द्र सिंह, अरुण कुमार, कुलदीप सिंह, कांस्टेबल नरेश कुमार एवं संजय कुमार की सराहनीय भूमिका, वहीं एएसआई दुष्यन्त सिंह, हेड कांस्टेबल शाहिद अली की विशेष भूमिका तथा कांस्टेबल संजय कुमार की तकनीकी भूमिका रही।

टोडाभीम थाना पुलिस टीम से थानाधिकारी सुणीलाल मीणा,उप निरीक्षक सुगन चन्द मीणा, एएसआई जितेन्द्र कुमार, हरवीर सिंह, अनिल कुमार, हेड कांस्टेबल टीकम सिंह, रामराज, भूरसिंह, महिला हेड कांस्टेबल ज्योति, महिला कांस्टेबल सरोज, कांस्टेबल संदीप सिंह, महेश कुमार, अटल सिंह, जगवीर सिंह, गोविन्द, अरविंद और चालक देवेन्द्र कुमार ने मौके पर घेराबंदी कर इस पूरी कार्रवाई को सफल बनाया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here