जयपुर। राजस्थान पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने ऑपरेशन अंत्याफगान के तहत कार्रवाई करते हुए सात वर्षों से फरार चल रहे पच्चीस हजार रुपए के इनामी मादक पदार्थ तस्कर इब्राहिम खान पठान (63) को गुजरात के पालनपुर से गिरफ्तार किया है।
एएनटीएफकी जांच मे सामने आया कि आरोपित राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र में मादक पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क का प्रमुख सूत्रधार माना जाता है। इस गिरफ्तारी के साथ एएनटीएफ ने अभियान के तहत अब तक 71 फरार तस्करों को गिरफ्तार किया है।
एएनटीएफ पुलिस महानिरीक्षक विकास कुमार ने बताया कि सात वर्षों से फरार चल रहे पच्चीस हजार रुपए के इनामी मादक पदार्थ तस्कर इब्राहिम खान पठान (63) निवासी मेहसाणा (गुजरात) पर जालोर पुलिस अधीक्षक ने आरोपी पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित कर रखा था।
आरोपित इब्राहिम खान वर्ष 1983 से 2017 तक ड्राइवर रहा। इसी दौरान उसकी पहचान तस्करों से हुई और अधिक मुनाफे के लालच में वह मादक पदार्थ तस्करी से जुड़ गया। वह तस्करों को बिना नंबर की गाड़ियां उपलब्ध कराने के साथ कार दलाली की आड़ में तस्करी का नेटवर्क संचालित करने लगा।
विकास कुमार ने बताया कि वर्ष 2019 में उसने अपने एक साथी को डोडा पोस्त की खेप लाने के लिए बिना नंबर की इनोवा कार उपलब्ध कराई थी। सांचौर पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान वाहन जब्त कर एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया। जांच में इब्राहिम का नाम सामने आने के बाद से वह फरार चल रहा था।
गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने सात वर्षों तक मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं किया और गुजरात व महाराष्ट्र के विभिन्न शहरों में रिश्तेदारों और परिचितों के यहां लगातार ठिकाने बदलता रहा। इस दौरान वह तस्करी और कार दलाली का काम भी करता रहा।
एएनटीएफ ने आरोपी के रिश्तेदारों और संपर्कों की जानकारी जुटाई। सूचना मिली कि पालनपुर स्थित उसकी बेटी के फ्लैट पर पारिवारिक कार्यक्रम में उसके आने की संभावना है। टीम ने दो दिन तक सादे कपड़ों में निगरानी की और जैसे ही आरोपी के फ्लैट पहुंचने की पुष्टि होने पर स्थानीय गुजरात पुलिस की मदद से दबिश दी गई।
तलाशी के दौरान आरोपी फ्लैट की छत पर सोया मिला। जहां से उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आईजी विकास कुमार ने बताया कि कार्रवाई में शामिल टीम को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।



















