तेज रफ्तार कार ने युवक को कुचला

0
102

जयपुर। भांकरोटा थाना क्षेत्र में सोमवार देर शाम तेज रफ्तार एक्सयूवी कार की चपेट में आने से 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब युवक रिंग रोड स्थित एक पंचर की दुकान के बाहर ट्रक का टायर खोल रहा था। बेकाबू कार युवक को कुचलते हुए आगे खड़े ट्रक से जा टकराई। पुलिस ने कार जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

एएसआई अनिल शर्मा ने बताया कि मृतक की पहचान चांदपोल स्थित कुरैशी कॉलोनी निवासी शिफान कुरैशी (22) पुत्र सहजाद कुरैशी के रूप में हुई है। जो सोमवार देर शाम भांकरोटा क्षेत्र में रिंग रोड के पास ट्रक का पंचर ठीक करने के लिए टायर खोल रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार एक्सयूवी कार बारिश के कारण अनियंत्रित होकर उसे टक्कर मारती हुई ट्रक से जा भिड़ी।

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल शिफान को एसएमएस अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल कार चालक को प्राथमिक उपचार के बाद निजी अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे के समय कार तेज गति से चल रही थी। बारिश के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिससे यह दुर्घटना हुई। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि दुर्घटनाग्रस्त एक्सयूवी कार पर ओवरस्पीडिंग के 36 चालान पहले से लंबित थे। पुलिस ने वाहन जब्त कर चालक की लापरवाही और अन्य पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here