जयपुर। माणक चौक थाना पुलिस ने जलेबी चौक से चोरी हुई स्कॉर्पियो कार को सीकर के पास से बरामद कर गुजरात निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। फिलहाल आरोपितो से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर उत्तर) करण शर्मा ने बताया कि 5 मई को एक पर्यटक ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपनी स्कॉर्पियो कार लेकर जयपुर घूमने आया था। उसने अपनी गाड़ी जलेबी चौक स्थित पार्किंग में खड़ी की थी, लेकिन थोड़ी देर बाद लौटने पर गाड़ी वहां से नदारद मिली।
पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। इस के बाद अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (उत्तर-प्रथम) नीरज पाठक और सहायक पुलिस आयुक्त (माणक चौक) पीयूष कविया के निर्देशन में थानाधिकारी राकेश ख्यालिया के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे करीब 100 सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। फुटेज और तकनीकी विश्लेषण से पता चला कि दो युवक कार चोरी कर जयपुर से बाहर निकले हैं।
पुलिस को सूचना मिली कि चोरी की गई कार सीकर की ओर जा रही है। इस पर टीम को तुरंत रवाना किया गया और सीकर के ‘रानोली टोल नाके’ पर घेराबंदी की गई।
पुलिस ने बिना रुके पीछा करते हुए कार को रुकवाया और उसमें सवार दीप नारायण मिश्रा (20) निवासी राजेश्वरी सोसायटी अहमदाबाद (गुजरात) और रितेश मिश्रा (23) निवासी रोहतास (बिहार) हाल निवासी साबरमती अहमदाबाद (गुजरात) को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है कि वे जयपुर में किसी बड़े गैंग से जुड़े हैं या पहले भी ऐसी वारदातों को अंजाम दे चुके हैं।



















