जयपुर। राजस्थान हाईकोर्ट में बुधवार से समर वेकेशन की शुरुआत हो गई। इसके साथ ही हाईकोर्ट की मुख्य पीठ जोधपुर और जयपुर बेंच में अब करीब 32 दिनों तक नियमित सुनवाई नहीं होगी। समर वेकेशन के बाद हाईकोर्ट 29 जून से दोबारा नियमित रूप से खुलेगा।
हाईकोर्ट प्रशासन के अनुसार 1 जून से 28 जून तक समर वेकेशन घोषित किया गया है। वहीं 28 मई को बकरा ईद का अवकाश, 30 और 31 मई को शनिवार-रविवार तथा 29 मई को घोषित अवकाश होने के कारण बुधवार से ही छुट्टियों का क्रम शुरू माना जा रहा है।
समर वेकेशन के दौरान केवल अर्जेंट नेचर के मामलों की सुनवाई की जाएगी। इसके लिए हाईकोर्ट प्रशासन की ओर से विशेष वेकेशन बेंचों का गठन किया गया है। अधिसूचना के अनुसार मुख्य पीठ जोधपुर में एक सिंगल बेंच और एक डिवीजन बेंच जरूरी मामलों की सुनवाई करेगी। वहीं जयपुर बेंच में दो सिंगल बेंच और एक डिवीजन बेंच गठित की गई है, जो अवकाश अवधि में अत्यावश्यक मामलों की सुनवाई करेंगी।



















