जयपुर। नारायण विहार थाना क्षेत्र में बजरी मंडी के पास स्थित एक होटल में शेयर मार्केट कारोबारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में दोस्तों द्वारा मारपीट कर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। मृतक के साथ होटल में ठहरे साथी वारदात के बाद फरार हो गए। आरोपियों द्वारा घटना के बाद फेसबुक लाइव करने का मामला भी सामने आया है।
एसआई धर्मेंद्र ने बताया कि गांधी पथ स्थित नित्यानंद नगर निवासी गुरु प्रसाद चौधरी (38) का शव मंगलवार रात होटल एसआर के एक कमरे में बेड पर पड़ा मिला। सूचना पर नारायण विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल टीम की सहायता से साक्ष्य जुटाए। शव का मेडिकल बोर्ड से जयपुरिया अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया है।
एसआई धर्मेंद्र ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट होगी। जांच में सामने आया है कि गुरु प्रसाद पिछले दो दिनों से अपने पांच-छह दोस्तों के साथ होटल में ठहरा हुआ था और पार्टी कर रहा था।
मृतक के बड़े भाई गुरु चरण सिंह ने बताया कि गुरु प्रसाद सोमवार दोपहर दोस्तों से मिलने की बात कहकर घर से निकला था। मंगलवार देर रात पुलिस ने परिवार को सूचना दी। होटल पहुंचने पर उसके शरीर पर चोटों के निशान और बिस्तर की चादर पर खून के धब्बे मिले। होटल स्टाफ ने बताया कि मृतक अपने दोस्तों के साथ कमरे में ठहरा हुआ था।
पुलिस जांच में सामने आया है कि मंगलवार शाम सभी दोस्त होटल छोड़कर चले गए थे। देर रात होटल स्टाफ ने कमरे का दरवाजा खुला देखा तो अंदर गुरु प्रसाद बेसुध अवस्था में मिला। जांच के दौरान यह भी पता चला कि होटल से निकलने के बाद कुछ युवकों ने वाहन में बैठकर फेसबुक लाइव किया था। वीडियो में राजेश कुमावत, सुरेश गुर्जर, गौरीशंकर, श्रवण कुमावत सहित अन्य युवक दिखाई दे रहे थे। बाद में यह वीडियो हटा दिया गया।
एसआई धर्मेंद्र ने बताया कि मृतक के शरीर पर कई चोटों के निशान और खून जमने के प्रमाण मिले हैं। आशंका है कि शराब पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ और नशे में धुत साथियों ने उसके साथ मारपीट की। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई। जांच में यह भी सामने आया है कि जिस होटल में घटना हुई, वह आरोपी सुरेश गुर्जर के भाई मुकेश का बताया जा रहा है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।



















