जयपुर। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष डॉ. अरुण चतुर्वेदी ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि विपक्ष देश में अराजकता का माहौल बनाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि संसद और प्रधानमंत्री आवास के बाहर धरना देना लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है और कांग्रेस पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दे पर चर्चा करने के बजाय केवल हंगामा करना चाहती है।
डॉ. चतुर्वेदी ने कहा कि राहुल गांधी स्पष्ट करें कि विपक्ष लोकतंत्र और कानून व्यवस्था के साथ है या दंगाइयों एवं अराजक तत्वों के साथ। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पेपर लीक मामले पर सदन में चर्चा और फास्ट ट्रैक जांच के लिए तैयार हैं, लेकिन विपक्ष इससे बच रहा है।
उन्होंने कांग्रेस पर युवाओं को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के कार्यकाल में राजस्थान में 19 पेपर लीक हुए थे, लेकिन उस समय न तो किसी ने इस्तीफा दिया और न ही निष्पक्ष जांच कराई गई। उनके अनुसार कांग्रेस का छात्रों के भविष्य से कोई सरोकार नहीं है और वह केवल राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रही है।



















