फिट इंडिया मूवमेंट को जन-जन तक पहुंचाना है: प्रवीण गुप्ता

0
64

जयपुर । राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद द्वारा आयोजित 66वें केंद्रीय आवासीय खेलकूद प्रशिक्षण शिविर का बुधवार को जयपुर में शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में अतिरिक्त मुख्य सचिव, युवा मामले एवं खेल विभाग तथा राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद के अध्यक्ष प्रवीण गुप्ता ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए फिटनेस और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने का संदेश दिया।

उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण शिविर खिलाड़ियों के लिए केवल खेल कौशल विकसित करने का मंच नहीं है, बल्कि नवाचार, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता सीखने का भी अवसर प्रदान करता है। उन्होंने खिलाड़ियों से आह्वान किया कि वे फिट इंडिया मूवमेंट के संदेश को अपने गांवों और समुदायों तक पहुंचाएं तथा युवाओं को स्वस्थ और सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करें।

प्रवीण गुप्ता ने बताया कि पिछले 65 वर्षों से लगातार आयोजित हो रहा यह शिविर 14 विभिन्न खेलों के खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध करायेगा। उन्होंने कहा कि यहां अनुभवी और योग्य प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में खिलाड़ी अपनी तकनीकी दक्षता और प्रदर्शन को बेहतर बना सकते हैं। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि शारीरिक रूप से फिट खिलाड़ी ही उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं में सफलता प्राप्त कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन इस शिविर के लिए किया गया है, इसलिए उन्हें इस अवसर का पूरा लाभ उठाना चाहिए। शिविर के दौरान खिलाड़ी एक-दूसरे के अनुभवों और तकनीकों से सीख सकते हैं, जो उनके खेल जीवन में महत्वपूर्ण योगदान देगा।

अपने संबोधन में उन्होंने तीरंदाजी, बास्केटबॉल, शूटिंग, क्याकिंग और साइक्लिंग जैसे खेलों में खिलाड़ियों के बेहतर प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि आत्मविश्वास, समर्पण और निरंतर अभ्यास से सफलता अवश्य मिलती है।

प्रवीण गुप्ता ने यह भी कहा कि शिविर के दौरान वे खिलाड़ियों और अभिभावकों से संवाद कर व्यवस्थाओं के संबंध में सुझाव प्राप्त करेंगे, ताकि भविष्य में और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने खिलाड़ियों को हाई परफॉर्मेंस सेंटर का अवलोकन करने और बायोमैकेनिक्स जैसी आधुनिक खेल विज्ञान तकनीकों की जानकारी लेने की सलाह दी।

उनके अनुसार, इससे खिलाड़ियों को अपने प्रदर्शन में सुधार करने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी। उन्होने युवाओं का आहवान करते हुए कहा कि 15-29 आयु वर्ग के युवा माई भारत पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करे और फिट इंडिया मूवमेंट में अपना सहयोग प्रदान करें।

उन्होंने कहा कि इस शिविर का उद्देश्य खिलाड़ियों को केवल प्रशिक्षण देना ही नहीं, बल्कि उन्हें आधुनिक खेल तकनीकों और संस्थान की उपलब्ध सुविधाओं से भी परिचित कराना है, जिससे वे भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here