चोखी ढाणी में खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई करते हुए किए 90 किलो काजू टुकड़ी सील

0
166
The Food Safety Department took action at Chokhi Dhani and sealed 90 kg of cashew pieces.
The Food Safety Department took action at Chokhi Dhani and sealed 90 kg of cashew pieces.

जयपुर। खाद्य सुरक्षा विभाग ने शुक्रवार को टोंक रोड स्थित चोखी ढाणी में निरीक्षण कर बड़ी कार्रवाई करते हुए पैकेजिंग पर निर्माण और एक्सपायरी तिथि अंकित नहीं होने पर 90 किलो काजू टुकड़ी (9 डिब्बे) सील कर दी। साथ ही रिफाइंड तेल और मावा के नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (जयपुर द्वितीय) की खाद्य सुरक्षा टीम ने 181 पोर्टल पर मिली शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला ने बताया कि निरीक्षण के दौरान आलू फ्राई करने में उपयोग हो रहे रिफाइंड सोयाबीन तेल का टोटल पोलर कंपाउंड निर्धारित अधिकतम सीमा 25 प्रतिशत के मुकाबले 31 प्रतिशत पाया गया, जो खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुसार स्वास्थ्य के लिए असुरक्षित श्रेणी में आता है। तेल का नमूना जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।

निरीक्षण के दौरान सब्जियों में उपयोग की जा रही काजू टुकड़ी की पैकिंग पर न तो निर्माण तिथि और न ही एक्सपायरी तिथि अंकित मिली। इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए विभाग ने करीब 90 किलो काजू टुकड़ी सील कर दी। इसके अलावा मावे का भी नमूना जांच के लिए लिया गया। टीम को किचन और परिसर के कई हिस्सों में गंदगी भी मिली।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि सभी नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि खाद्य सामग्री मानकों के अनुरूप नहीं पाई जाती है तो संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। पैकेजिंग और लेबलिंग में अनियमितता पाए जाने पर भी नियमानुसार कानूनी कार्रवाई होगी।

कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुशील चोटवानी, विनोद थारवान और राजेश नागर शामिल रहे। उल्लेखनीय है कि चोखी ढाणी देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के बीच प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में प्रसिद्ध है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here