महिला सुरक्षा संकल्प अभियान के तहत कालिका पेट्रोलिंग यूनिट ने 400 विद्यार्थियों को किया जागरूक

0
36

जयपुर। जयपुर ग्रामीण पुलिस के महिला सुरक्षा संकल्प अभियान के तहत शुक्रवार को कालाडेरा और फागी क्षेत्र के राजकीय विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान करीब 400 छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव, आत्मरक्षा, हेल्पलाइन नंबरों तथा विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी देकर जागरूक किया गया।

पुलिस थाना कालाडेरा की कालिका पेट्रोलिंग यूनिट में पदस्थापित महिला कांस्टेबल सरोज ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कानरपुरा में आयोजित कार्यक्रम में लगभग 100 छात्र-छात्राओं को आत्मरक्षा के व्यावहारिक गुर सिखाए। उन्होंने छात्राओं को विभिन्न परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा के तरीके समझाए तथा राजकोप सिटीजन एप की उपयोगिता की जानकारी दी।

कार्यक्रम में साइबर ठगी से बचाव, ठगी होने पर की जाने वाली कार्रवाई, सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले अपराधों से सतर्क रहने और ऐसे मामलों में कानूनी प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को आपातकालीन हेल्पलाइन 112, महिला हेल्पलाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 के बारे में भी जागरूक किया गया।

महिला कांस्टेबल सरोज ने छात्र-छात्राओं को पोक्सो एक्ट, घरेलू हिंसा, कार्यस्थल पर महिलाओं के शोषण के विरुद्ध उपलब्ध कानूनी संरक्षण, नशे के दुष्परिणाम तथा यातायात नियमों का पालन करने और दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने की आवश्यकता पर भी जानकारी दी। साथ ही बालकों को पोक्सो एक्ट के तहत अपराध करने पर मिलने वाली सजा के प्रावधानों को विस्तार से समझाया।

इसी क्रम में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट फागी ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय फागी में आयोजित कार्यक्रम में लगभग 300 छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा संकल्प अभियान के तहत जागरूक किया। कार्यक्रम में राजकोप सिटीजन ऐप, महिला सुरक्षा से जुड़े कानून, महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र की सेवाओं तथा आवश्यकता पड़ने पर सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

पुलिस टीम ने छात्राओं को उनके कानूनी अधिकारों से अवगत कराते हुए आपातकालीन हेल्पलाइन 112, महिला हेल्पलाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर हेल्पलाइन 1930 की जानकारी दी। इसके साथ ही गुड टच-बैड टच, साइबर सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन के महत्व पर भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here