जयपुर। सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना अभिनीत सुपरनैचुरल फिल्म ‘वन’ का ट्रेलर जारी हो गया है। टीजर के बाद ट्रेलर में फिल्म की रहस्यमयी दुनिया की विस्तृत झलक देखने को मिली है। भारतीय फोकलोर, सदियों पुरानी मान्यताओं, अलौकिक शक्तियों और रहस्यमयी जंगल की पृष्ठभूमि पर बनी कहानी में रहस्य, रोमांच, एक्शन, आस्था, प्रेम और हास्य को जोड़ा गया है।
फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना पहली बार साथ नजर आएंगे। ट्रेलर में दोनों किरदार धीरे-धीरे एक ऐसी दुनिया में पहुंचते दिखाई देते हैं, जिसके अपने नियम हैं और जो सदियों से मौजूद बताई गई है। निर्माताओं के अनुसार ‘वन’ पारंपरिक हॉरर या पौराणिक कहानी से अलग भारतीय लोककथाओं को आधुनिक और बड़े पर्दे के फैंटेसी एडवेंचर के रूप में पेश करने की कोशिश है।
फिल्म की दुनिया का विस्तार ‘द लीजेंड ऑफ वन’ कॉमिक बुक के जरिए भी किया गया है। यह कॉमिक फिल्म के फोकलोर और बड़े यूनिवर्स की पृष्ठभूमि से दर्शकों को परिचित कराती है। फिल्म में फोकलोर और फैंटेसी के साथ एडवेंचर, मिस्ट्री और हास्य को भी शामिल किया गया है।
‘वन’ को टीवीएफ के अरुणाभ कुमार, निर्देशक दीपक मिश्रा और एकता कपूर की टीम लेकर आ रही है। फिल्म की कहानी अरुणाभ कुमार ने लिखी है और निर्देशन दीपक मिश्रा ने किया है। मनु आनंद डीओपी एवं विजुअल डायरेक्टर हैं। फिल्म का निर्माण शोभा कपूर, एकता आर कपूर, अरुणाभ कुमार और नीरज कोठारी ने किया है।
बालाजी मोशन पिक्चर्स, बालाजी टेलीफिल्म्स लिमिटेड की एक इकाई, टीवीएफ और 11.11 प्रोडक्शन के साथ मिलकर फिल्म प्रस्तुत कर रहे हैं। ‘वन’ 25 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।



















