चोरों ने किया सूने मकान में 80 लाख के जेवर पर हाथ साफ

0
54

जयपुर। बिंदायका थाना इलाके की पैराडाइज आनंद सोसायटी, सिरसी रोड में चोरों ने रिटायर्ड कर्नल के सूने मकान को निशाना बनाकर करीब 80 लाख रुपए कीमत के 600 ग्राम सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। वारदात का पता 31 अगस्त सुबह कामवाली के घर पहुंचने पर चला। सूचना पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार रिटायर्ड कर्नल महावीर प्रसाद जांगिड़ (70) पत्नी के साथ सास के निधन के कारण 19 अगस्त से नीमकाथाना गए हुए थे। 31 अगस्त सुबह करीब 10 बजे कामवाली मकान पर पहुंची तो मुख्य दरवाजे का लॉक और दरवाजा टूटा मिला। उसने पड़ोसी भवानी सिंह राठौड़ को सूचना दी। पड़ोसी ने पुलिस को सूचना देने के साथ मकान मालिक को भी जानकारी दी।

जयपुर पहुंचने के बाद जांगिड़ ने घर की जांच की तो मेन गेट के अलावा बेडरूम और स्टोर रूम के ताले व दरवाजे टूटे मिले। सामान बिखरा पड़ा था और बेडरूम में रखे जेवरात के डिब्बे खाली मिले। जांच में करीब 600 ग्राम सोने-चांदी के जेवरात गायब मिले, जिनकी कीमत उन्होंने करीब 80 लाख रुपए बताई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि चोरों को मकान के लंबे समय से सूना होने की जानकारी कैसे मिली और वारदात में कितने लोग शामिल थे।

डिपार्टमेंटल स्टोर का शटर तोड़कर चोरी करने वाले आए पुलिस गिरफ्त में

आदर्श नगर थाना पुलिस ने डिपार्टमेंटल स्टोर का शटर व ताला तोड़कर 70-75 हजार रुपए की नकदी चोरी करने की वारदात करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दो विधि से संघर्षरत बालकों को भी निरुद्ध किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी का माल बरामद कर लिया गया।

पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व रंजीता शर्मा ने बताया कि आदर्श नगर थाना पुलिस ने डिपार्टमेंटल स्टोर का शटर व ताला तोड़कर 70-75 हजार रुपए की नकदी चोरी करने रोहन चेढ़वाल (22), निवासी आदर्श नगर और हेमराज धानका उर्फ कालू (19), निवासी विराटनगर हाल जनता कॉलोनी को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा दो बाल अपचारियों को भी निरुद्ध किया गया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ में शहर में हुई अन्य नकबजनी और चोरी की वारदातों के खुलासे की संभावना है।

थानाधिकारी छगन डांगी ने बताया कि सुनील कुमार (56) ने 31 अगस्त को रिपोर्ट दी थी कि 30 अगस्त रात करीब 9 बजे दुकान बंद कर घर गए थे। सुबह लौटने पर ताला टूटा मिला और गल्ले में रखे करीब 70-75 हजार रुपए गायब थे। इस पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई और सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ मुखबिर तंत्र की सक्रिय सूचना के आधार पर आरोपितों को धर—दबोचा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here