जयपुर। गायत्री शक्तिपीठ ब्रह्मपुरी में तीन दिवसीय गुरु पूर्णिमा पर्व महोत्सव श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक उल्लास के साथ मनाया जाएगा। शक्तिपीठ के व्यवस्थापक सोहनलाल शर्मा ने बताया कि प्रथम दिवस 8 जुलाई को अपराह्न 2 बजे से शाम 4 बजे तक गुरु गीता का सामूहिक पाठ होगा।
गायत्री परिवार के कार्यकर्ता गुरु गीता के पाठ के माध्यम गुरु के प्रति अपनी श्रद्धा को और अधिक पुष्ट करेंगे। द्वितीय दिवस 9 जुलाई को सुबह 6 से शाम 5 बजे तक गायत्री महामंत्र की अखंड जप साधना की जाएगी। तृतीय दिवस 10 जुलाई को सुबह 8 से 11 बजे तक नौ कुंडीय महायज्ञ, गुरु चरण पादुका पूजन, गुरु दीक्षा एवं अन्य संस्कार आयोजित किए जाएंगे।
वेदना निवारण केन्द्र मानसरोवर: भारतीय संस्कृति में गुरु को ईश्वर के समकक्ष मानते हुए गुरु पूर्णिमा का पर्व अत्यंत श्रद्धा एवं भक्ति भाव से मनाया जाता है। इसी कड़ी में अखिल विश्व गायत्री परिवार के तत्वावधान में किरण पथ मानसरोवर स्थित श्री वेद माता गायत्री वेदना निवारण केन्द्र में 9-10 जुलाई को गुरु पूर्णिमा पर्व महोत्सव मनाया जाएगा।
केन्द्र व्यवस्थापक आर डी गुप्ता ने बताया कि दो दिवसीय इस आयोजन के प्रथम दिन 9 जुलाई बुधवार को सुबह 7:30 से शाम 5 बजे तक अखंड जप होगा। शाम 5 से 6 बजे तक दीपयज्ञ होगा। द्वितीय दिन 10 जुलाई गुरुवार को गुरु पूर्णिमा पर्व के शुभ अवसर पर सुबह 8 बजे से नौ कुंडीय गायत्री महायज्ञ होगा। सुबह 11 बजे पूर्णाहुति की जाएगी। इस मौके पर दीक्षा सहित अन्य संस्कार भी कराए जाएंगे।