जयपुर। आमेर महल में टूरिस्ट को ले जाने को लेकर सोमवार को जीप चालक और टूरिस्ट गाइड के बीच हुए विवाद में चाकू से घायल गाइड मनीष कुमार सोनी (40) की मंगलवार सुबह सवाई मानसिंह अस्पताल के आईसीयू में इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत की खबर फैलते ही आमेर में आक्रोश फैल गया। स्थानीय लोगों और टूरिस्ट गाइडों ने विरोध में बाजार और दुकानें बंद कर दीं तथा सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया। इससे यातायात भी प्रभावित रहा।
एसीपी आमेर ट्रेनिंग आईपीएस प्रतीक सिंह के अनुसार मनीष सोमवार सुबह करीब 9.30 बजे आमेर मावठे पर पहुंचा था। इसी दौरान निजी कार से आए पर्यटकों ने आमेर महल जाने का रास्ता पूछा।
वहां जीप लेकर खड़े चालक आजम ने पर्यटकों से कहा कि निजी कार महल तक नहीं जा सकती और जीप से जाना होगा। मनीष ने पर्यटकों को रास्ता समझाया, जिसके बाद वे अपनी कार से महल की ओर रवाना हो गए। इसी बात को लेकर आजम और मनीष के बीच कहासुनी हो गई।
विवाद बढ़ने पर जीप चालक आजम ने चाकू निकालकर मनीष के पेट में वार कर दिया। गंभीर घायल मनीष को एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां मंगलवार सुबह करीब 7 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी आजम खान को घटना के बाद ही हिरासत में ले लिया था। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ आमेर थाने में पहले से दो आपराधिक मामले दर्ज हैं।
इधर चाकूबाजी की घटना के बाद सोमवार को बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और टूरिस्ट गाइड आमेर थाने पहुंचे थे। लोगों ने रास्ता रोककर करीब डेढ़ घंटे तक प्रदर्शन किया था। मंगलवार सुबह मनीष की मौत की सूचना मिलते ही लोगों ने स्वत: आमेर बाजार बंद कर दिया और बड़ी संख्या में सड़क पर उतर आए और परिवार के सदस्य के साथ लोग धरने पर बैठ गए। प्रदर्शन करने वाले लोगों ने न्याय की मांग को लेकर नारेबाजी की। मृतक आश्रितों को एक करोड़ रुपए मुआवजा, सरकारी नौकरी की मांग की गई है। इसके साथ ही आरोपी के घर पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग की है।
सूचना पर आमेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। पुलिस अधिकारियों ने समझाइश कर लोगों को शांत कराया। आमेर थानाधिकारी राजेंद्र गोदारा ने बताया कि पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। घटना के पीछे की पूरी वजह की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश भी हो सकती है।
टूरिस्ट गाइडों ने आमेर में पर्यटकों को लेकर चल रही कुछ अनियमितताओं का मुद्दा भी उठाया है। उन्होंने गाइडों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और मृतक के परिवार को मुआवजा देने की मांग की। पुलिस अधिकारियों ने संबंधित समस्याओं की जांच कर समाधान का भरोसा दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच और आरोपी से पूछताछ में जुटी है।


















