वीआईपी आगमन के चलते राजधानी में ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव

0
48

जयपुर। राजधानी जयपुर में सोमवार को वीआईपी मूवमेंट और स्वागत कार्यक्रम के चलते शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। पुलिस प्रशासन की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार एयरपोर्ट से जवाहर सर्किल, जवाहर लाल नेहरू मार्ग, ओटीएस होते हुए बीजेपी कार्यालय तक प्रस्तावित कार्यक्रम के दौरान आमजन की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा।

पुलिस उपायुक्त यातायात योगेश गोयल के अनुसार वीआईपी आगमन और स्वागत कार्यक्रम एयरपोर्ट के बाहर, पत्रिका गेट, डब्ल्यूटीपी, शिक्षा संकुल, कनोडिया कॉलेज, जेएलएन मार्ग, रामबाग चौराहा, अंबेडकर सर्किल, 22 गोदाम सर्किल और राजमहल पैलेस तक विभिन्न स्थानों पर आयोजित होंगे। इस दौरान इन मार्गों पर यातायात का दबाव अधिक रहने की संभावना है।

कई मार्गों पर रहेगा डायवर्जन

यातायात पुलिस ने बताया कि एयरपोर्ट से ओटीएस और ओटीएस से बीजेपी कार्यालय तक जाने वाले सामान्य यातायात को वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया जाएगा। इसके अलावा पुराना बाईपास अंडरपास, दुर्गापुरा बस स्टैंड, खंडाका कट, गोपालपुरा पुलिया, केवी-03 तिराहा, गांधी नगर मोड़, रॉयल्टी तिराहा, तुलसी सर्किल और विधानसभा तिराहे सहित कई स्थानों से आने-जाने वाले वाहनों को भी डायवर्ट किया जाएगा।

रामबाग चौराहे और अंबेडकर सर्किल क्षेत्र में विशेष रूप से यातायात का दबाव अधिक रहने की चेतावनी दी गई है। आमजन से अपील की गई है कि वे इन मार्गों से बचते हुए वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करें।

पार्किंग की विशेष व्यवस्था

एयरपोर्ट कार्यक्रम के दौरान बसों की पार्किंग ईपी सेंट्रल लॉन के पास खाली भूमि पर की जाएगी, जबकि कारों के लिए सिद्धार्थ नगर क्षेत्र और आसपास की सर्विस लेन में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।

ओटीएस कार्यक्रम के दौरान वाहनों की पार्किंग आरआईसी परिसर, बीएस मेहता सभागार, नीलय गेस्ट हाउस, स्टेट टैक्स अकादमी, पटेल भवन और कॉमर्स कॉलेज परिसर में निर्धारित की गई है।

यातायात पुलिस ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि वे भीड़भाड़ वाले मार्गों से बचें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, ताकि शहर में सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखी जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here