निकाय चुनाव के लिए मतदान दलों का प्रशिक्षण शुरू

0
34
Training of polling parties for civic body elections begins.
Training of polling parties for civic body elections begins.

जयपुर। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के लिए नियुक्त मतदान दलों के प्रथम चरण का प्रशिक्षण बुधवार से शुरू हो गया। जयपुर शहर में चार और ग्रामीण क्षेत्र में 10 स्थानों पर आयोजित प्रशिक्षण में मतदान दलों को निर्वाचन प्रक्रिया, मतदान कार्य, ईवीएम संचालन और विभिन्न प्रपत्रों के संधारण सहित आवश्यक जानकारी दी जा रही है।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर जयपुर संदेश नायक ने शहर के महात्मा गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ गवर्नेंस एंड सोशल साइंसेज, पोद्दार इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट, एचआरडीसी और आईजीपीआरएस में प्रशिक्षण व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मतदान दलों से ईवीएम के माध्यम से मतदान प्रक्रिया की जानकारी ली और स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में चुनाव संपन्न कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्य में नियुक्त सभी कार्मिक प्रशिक्षण को गंभीरता से लेते हुए मतदान प्रक्रिया और अपने दायित्वों की पूरी जानकारी हासिल करें। प्रशिक्षण से अनुपस्थित रहने वाले कार्मिकों को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रशिक्षण प्राप्त करने के निर्देश दिए गए हैं। अनुपस्थित रहने वालों के विरुद्ध नियमानुसार दण्डात्मक कार्रवाई की जाएगी।

प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर्स ने पीठासीन अधिकारी (पीआरओ) तथा प्रथम, द्वितीय और तृतीय मतदान अधिकारियों के दायित्वों की जानकारी दी। बैलेट, टेंडर वोट, सीलिंग, डाक मतपत्र, मॉक पोल, पीआरओ डायरी सहित विभिन्न प्रपत्रों को सही तरीके से भरने और संधारित करने का प्रशिक्षण भी दिया गया।

इस दौरान बीयू और सीयू का प्रत्यक्ष प्रदर्शन कर ईवीएम के माध्यम से मतदान प्रक्रिया की व्यावहारिक जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में अतिरिक्त जिला कलक्टर तृतीय एवं प्रशिक्षण प्रकोष्ठ प्रभारी देवयानी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। प्रथम दिवस 784 पीआरओ और 815 प्रथम मतदान अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here