भाजपा राज में किसानों को सम्मान निधि के रूप में मिले 17 हजार करोड़ रुपए: मदन राठौड़

0
76

जयपुर। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि भाजपा सरकार गांव, गरीब और किसान के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार किसानों को आर्थिक सहायता, ब्याज मुक्त फसली ऋण, प्राकृतिक आपदाओं में राहत और कृषि निवेश के अवसर उपलब्ध कराकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पंचायती राज चुनाव केवल जनप्रतिनिधियों के चयन की प्रक्रिया नहीं, बल्कि गांवों के विकास और ग्रामीण राजस्थान के भविष्य को नई दिशा देने का अवसर हैं।

राठौड़ ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत प्रदेश के 76.18 लाख किसानों को 14,405 करोड़ रुपए से अधिक तथा मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि की छह किश्तों के माध्यम से 65 लाख से अधिक किसानों को 3,387 करोड़ रुपए दिए गए हैं। इस प्रकार दोनों योजनाओं के तहत किसानों को करीब 17,792 करोड़ रुपए की सहायता मिली है। मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि की वार्षिक सहायता 2,000 से बढ़ाकर 3,000 रुपए की गई है और इसे बढ़ाकर 6,000 रुपए करने की बात भी कही।

उन्होंने बताया कि 1.09 करोड़ किसानों को 67,293 करोड़ रुपए का ब्याजमुक्त अल्पकालीन फसली ऋण उपलब्ध कराया गया है। वहीं, 3.18 लाख नए किसानों को 561 करोड़ रुपए का फसली ऋण दिया गया।

इसके अलावा 1.03 लाख पात्र गोपालक परिवारों को 775 करोड़ रुपए का ब्याजमुक्त ऋण और 45,968 लाभार्थियों को 400 करोड़ रुपए का आजीविका ऋण उपलब्ध कराया गया। 66,043 किसानों को 66.49 करोड़ रुपए का ब्याज अनुदान तथा 11,145 किसानों और लघु उद्यमियों को 338 करोड़ रुपए का दीर्घकालीन कृषि ऋण दिया गया है।

राठौड़ के अनुसार प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों को राहत देने के लिए प्रदेश में 59.53 लाख किसानों को 5,666 करोड़ रुपए का कृषि आदान अनुदान उपलब्ध कराया गया। उन्होंने कहा कि किसानों को आय सहायता, सस्ता ऋण, जोखिम से सुरक्षा और कृषि निवेश के अवसर देना जरूरी है, ताकि वे साहूकारों पर निर्भर हुए बिना खेती और अन्य आर्थिक गतिविधियों का विस्तार कर सकें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here