मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता पोस्टर का विमोचन: 10 सितम्बर से चलेगा मानसिक स्वास्थ्य माह अभियान

0
39
Unveiling of the mental health awareness poster
Unveiling of the mental health awareness poster

जयपुर। आमजन में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा तनाव, चिंता, अवसाद और आत्महत्या जैसी गंभीर समस्याओं की समय पर पहचान व रोकथाम के उद्देश्य से जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम (डीएमएचपी) जयपुर की ओर से 10 सितंबर से 10 अक्टूबर 2026 तक मानसिक स्वास्थ्य माह मनाया जाएगा।

अभियान के तहत आयोजित होने वाली गतिविधियों को लेकर बुधवार को सीएमएचओ कार्यालय में जागरूकता पोस्टर का विमोचन किया गया। इस दौरान सीएमएचओ जयपुर प्रथम डॉ. रवि शेखावत, सीएमएचओ जयपुर द्वितीय डॉ. मनीष मित्तल, डिप्टी सीएमएचओ (हैल्थ) डॉ. सुरेन्द्र गोयल, जिला नोडल अधिकारी (मानसिक स्वास्थ्य) डॉ. गजानंद वर्मा और मनोरोग देखभाल नर्स संजय मित्तल मौजूद रहे।

सीएमएचओ डॉ. रवि शेखावत और डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि अभियान के दौरान विभिन्न विभागों व संस्थानों के सहयोग से मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता सत्र, स्कूल-कॉलेज कार्यक्रम, पोस्टर एवं स्लोगन प्रतियोगिताएं, रैली, दौड़, कार्यशाला, नाटक, कविता, ओपन माइक, प्रश्नोत्तरी और सामाजिक माध्यमों पर जागरूकता अभियान आयोजित किए जाएंगे।

अभियान में जनभागीदारी बढ़ाने के लिए ‘आभार वृक्ष’ और ‘क्षमा पात्र’ जैसी रचनात्मक गतिविधियां भी होंगी। इनके माध्यम से सकारात्मक सोच, भावनात्मक अभिव्यक्ति, आपसी सहयोग और रिश्तों में संवाद बढ़ाने का संदेश दिया जाएगा।

अभियान के दौरान लोगों को मानसिक परेशानी के शुरुआती संकेत पहचानने, जरूरतमंद व्यक्ति की बात ध्यान से सुनने, उसे अकेला न छोड़ने और आवश्यकता पड़ने पर मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से सहायता लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा। आत्महत्या रोकथाम तथा उपलब्ध मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी भी आमजन तक पहुंचाई जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here