बंगाली बाबा गणेश मंदिर में 13 व 14 सितम्बर को गणेश चतुर्थी महोत्सव

0
38

जयपुर। दिल्ली रोड स्थित बंगाली बाबा गणेश मंदिर में गणेश चतुर्थी महोत्सव 13 व 14 सितम्बर को धूमधाम से मनाया जाएगा। दो दिवसीय आयोजन को लेकर मंदिर में तैयारियां जोरों पर हैं।

मंदिर प्रबंध समिति के मुख्य संरक्षक रघुवीर शरण अग्रवाल, अध्यक्ष नारायण लाल अग्रवाल और उपाध्यक्ष संजय पतंग वाला ने बताया कि महोत्सव की शुरुआत 13 सितम्बर सुबह 9 बजे प्रथम पूज्य गणेशजी के पंचामृत अभिषेक से होगी।

सुबह 10 बजे सिंदूर अर्पण के बाद 11 बजे सौभाग्य देवी पूजन, चन्द्रार्चन, मेहंदी व सौभाग्य अर्चन किया जाएगा। इस दौरान श्रद्धालुओं को मेहंदी वितरित करने के साथ महिलाओं के हाथों पर मेहंदी भी लगाई जाएगी।

महामंत्री गणेश लूनीवाल और कोषाध्यक्ष विष्णु अग्रवाल ने बताया कि 14 सितम्बर को गणेश चतुर्थी मनाई जाएगी। सुबह 5 बजे गणेशजी को मोदक अर्पित किए जाएंगे। दोपहर 1 बजे महाआरती और बैंड वादन होगा। इस अवसर पर गणेशजी का विशेष आकर्षक शृंगार किया जाएगा।
शाम 6 बजे भजन संध्या का आयोजन होगा, जिसमें स्थानीय कलाकार भजनों की प्रस्तुतियां देकर प्रथम पूज्य गणेशजी को रिझाएंगे। मंदिर समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए दो दिवसीय महोत्सव के दौरान विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here