29 मई से शुरू होगा विटामिन-ए अभियान: पांच साल तक के बच्चों को पिलाई जाएगी खुराक

0
42
Vitamin A Campaign to Begin on May 29
Vitamin A Campaign to Begin on May 29

जयपुर। बच्चों में कुपोषण, रतौंधी और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग 29 मई से 29 जून तक विशेष विटामिन-ए अनुपूरण अभियान चलाएगा। अभियान के तहत 9 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को विटामिन-ए की खुराक पिलाई जाएगी। यह अभियान स्वास्थ्य विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग (आईसीडीएस) के संयुक्त समन्वय से संचालित होगा।

सीएमएचओ जयपुर प्रथम डॉ. रवि शेखावत ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्रों, उप स्वास्थ्य केंद्रों, पीएचसी और सरकारी अस्पतालों में खुराक पिलाई जाएगी। आशा सहयोगिनी, एएनएम और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर संपर्क कर पात्र बच्चों को केंद्रों तक लाएंगी। ब्लॉक स्तर पर माइक्रो प्लान तैयार किए गए हैं तथा शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं।

सीएमएचओ जयपुर द्वितीय डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि विटामिन-ए बच्चों को आंखों की बीमारियों, दस्त और निमोनिया से बचाने के साथ उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में मददगार है।

उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सौरभ आर्य ने बताया कि 9 से 12 माह तक के बच्चों को 1 एमएल तथा 1 से 5 वर्ष तक के बच्चों को 2 एमएल खुराक दी जाएगी। जिन केंद्रों पर आशा सहयोगिनी या आंगनबाड़ी कार्यकर्ता नहीं हैं, वहां महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता यह जिम्मेदारी निभाएंगी।

उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. धर्मेंद्र कराडिया ने बताया कि अभियान के दौरान जनजागरूकता गतिविधियां भी चलाई जाएंगी तथा निजी अस्पतालों को भी इससे जोड़ा गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here