जयपुर। जवाहर सर्किल थाना पुलिस ने एक ई-कॉमर्स कंपनी के वेयरहाउस से लाखों रुपए के कॉस्मेटिक सामान की चोरी का खुलासा करते हुए तीन कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है। खास बात यह है कि आरोपी पिछले चार वर्षों से उसी वेयरहाउस में पैकिंग का काम कर रहे थे और विश्वास का फायदा उठाकर चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया पूरा माल बरामद कर लिया है।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि जवाहर सर्किल थाना पुलिस ने एक ई-कॉमर्स कंपनी के वेयरहाउस से लाखों रुपए के कॉस्मेटिक सामान की चोरी करने वाले अभिषेक सिंह (26) पुत्र मोहन सिंह निवासी वनस्थली विद्यापीठ, निवाई (टोंक), हाल निवासी महारानी फार्म दुर्गापुरा जयपुर, मुकेन्द्र सिंह (22) पुत्र मोहन सिंह निवासी हरभगतपुरा, निवाई (टोंक) तथा राहुल विश्वास को गिरफ्तार किया है।
तीनों आरोपी वेयरहाउस में कर्मचारी के रूप में कार्यरत थे। पुलिस ने चोरी किए गए कॉस्मेटिक उत्पादों से भरे 41 कार्टन बरामद कर लिए। बरामद माल की कीमत लाखों रुपए बताई जा रही है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि चोरी की वारदातों में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं। साथ ही चोरी किए गए सामान की बिक्री के नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
थानाधिकारी महेश चंद्र ने बताया कि 8 जून 2026 को बायफॉक्स ई-कॉमर्स प्राइवेट लिमिटेड के संचालक अमित गोयल ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि 7 जून की रात उनके वेयरहाउस से बड़ी मात्रा में महंगे कॉस्मेटिक उत्पाद चोरी हो गए हैं। शिकायत मिलते ही पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू की।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी बेहद शातिर तरीके से वेयरहाउस में लगे सीसीटीवी कैमरे बंद कर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे, ताकि उनकी गतिविधियां रिकॉर्ड न हो सकें। लेकिन एक दिन आरोपी कैमरे बंद करना भूल गए। इसी दौरान उनकी पूरी करतूत सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक श्यामप्रकाश, हेड कांस्टेबल राजेश कुमार, कांस्टेबल पप्पूलाल, सुरेश एवं आशीष शामिल रहे। मामले के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी में कांस्टेबल लोकेन्द्र सिंह की विशेष भूमिका रही।


















