जयपुर। पुलिस कमिश्नरेट जयपुर के ऑपरेशन ‘आग’ के तहत जिला विशेष टीम (डीएसटी) पूर्व और प्रताप नगर थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक अवैध देशी पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस उपायुक्त (पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी रामप्रसाद यादव उर्फ आर.पी. यादव (28) निवासी बंबाला (मालपुरा गेट) है। सूचना के आधार पर प्रताप नगर क्षेत्र में कार्रवाई कर उसे पकड़ा गया।
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि उसका पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था, जिसके चलते वह अपने पास हथियार रखे हुए था। पुलिस उससे हथियार की खरीद-फरोख्त और अन्य संभावित आपराधिक गतिविधियों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
पुलिस ने आरोपी से बरामद अवैध पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है। आरोपी के विरुद्ध पहले भी आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज होने का रिकॉर्ड सामने आया है।
पुलिस ने शातिर वाहन चोर दबोचा
शिप्रापथ थाना पुलिस ने वाहन चोरी के मामलों में कार्रवाई करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक चोरी की मोटरसाइकिल, एक चोरी की स्कूटी और एक अन्य मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी नशे का आदी है और नशे के लिए रुपए जुटाने की खातिर दोपहिया वाहन चोरी करता था।
थानाधिकारी महेंद्र सिंह यादव ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दुपहिया वाहन चुराने वाले वाहन चोर करण मीणा (28) निवासी नांगल शेरपुर, तहसील टोडाभीम, जिला करौली को जवाहर सर्किल क्षेत्र से हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी से चोरी की एक स्कूटी और एक अन्य मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है। पुलिस का मानना है कि पूछताछ में वाहन चोरी की अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सकता है।



















