जयपुर। नगर निकाय चुनाव में नामांकन की अंतिम तिथि से एक दिन पहले जयपुर कांग्रेस में टिकट वितरण को लेकर सियासी हलचल तेज रही। रविवार शाम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने जयपुर के नेताओं के साथ वॉर रूम में करीब दो घंटे तक बैठक कर 150 वार्डों में प्रत्याशियों के नामों पर मंथन किया, लेकिन कई वार्डों में आम सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद विवादित सीटों पर देर रात तक आपसी चर्चा कर सहमति बनाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जयपुर कांग्रेस प्रभारी रोहित बोहरा, विधायक अमीन कागजी, रफीक खान, पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास और जयपुर शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुनील शर्मा सहित अन्य नेता मौजूद रहे। आदर्श नगर, सिविल लाइंस और किशनपोल विधानसभा क्षेत्रों के वार्डों में प्रत्याशी चयन को लेकर सहमति बनने की बात सामने आई, जबकि सांगानेर, बगरू, मालवीय नगर, हवामहल और विद्याधर नगर के कई वार्डों में दावेदारों की संख्या और स्थानीय समीकरणों के कारण पेंच फंसा रहा।
पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा कि टिकट के लिए बड़ी संख्या में आवेदन आने के कारण चयन प्रक्रिया चुनौतीपूर्ण है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एकजुट है और भाजपा से सीधा मुकाबला होगा। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा की सूची का इंतजार करना पार्टी की रणनीति का हिस्सा है और जरूरत पड़ने पर अंतिम समय तक प्रत्याशियों में बदलाव किया जा सकता है।
विधायक रफीक खान ने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य ‘मिशन-100’ है। उन्होंने जयपुर की सड़क, नाली और जलभराव जैसी समस्याओं को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। वहीं विधायक अमीन कागजी ने बताया कि 150 वार्डों के लिए 1300 से अधिक आवेदन मिले हैं। उन्होंने इसे कांग्रेस के प्रति बढ़ते उत्साह का संकेत बताया और दावा किया कि पार्टी जयपुर में अपना बोर्ड बनाएगी।
जयपुर शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुनील शर्मा ने कहा कि पार्टी में कोई विवाद नहीं है, बड़ी संख्या में आए आवेदनों के आधार पर प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने कहा कि इस बार कांग्रेस के प्रत्याशियों में जेन ज़ेड युवा चेहरों की संख्या अधिक रहने की संभावना है। पार्टी की कोशिश है कि सोमवार को नामांकन की अंतिम समय सीमा से पहले सभी वार्डों में प्रत्याशियों के नाम तय कर दिए जाएं।
कांग्रेस में 150 वार्डों के टिकट पर मंथन: कई सीटों पर नहीं बनी सहमति
नगर निकाय चुनाव में नामांकन की अंतिम तिथि से एक दिन पहले जयपुर कांग्रेस में टिकट वितरण को लेकर सियासी हलचल तेज रही। रविवार शाम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने जयपुर के नेताओं के साथ वॉर रूम में करीब दो घंटे तक बैठक कर 150 वार्डों में प्रत्याशियों के नामों पर मंथन किया



















