जयपुर। इंडियन सीएसआर एवं सस्टेनेबिलिटी अवार्ड 2026 के तहत पोद्दार संस्थान को ‘बेस्ट एनजीओ ऑफ द ईयर 2026’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान नई दिल्ली स्थित होटल प्राइड में आयोजित एक भव्य समारोह में प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में पोद्दार संस्थान के चेयरपर्सन डॉ. आनंद पोद्दार ने यह प्रतिष्ठित अवॉर्ड ग्रहण किया। यह सम्मान बिसलेरी एवं एसएल बी कंपनी की ओर से संस्थान को सस्टेनेबिलिटी, पर्यावरण संरक्षण, कौशल विकास तथा उद्यमिता विकास के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए दिया गया।
समारोह में देश-विदेश की विभिन्न कंपनियों के निदेशक, सीएसआर प्रमुख, एनजीओ प्रतिनिधि, शिक्षाविद्, उद्योगपति, सोशल एक्टिविस्ट और मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस मंच पर उन संस्थाओं और व्यक्तियों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने प्रभावशाली सीएसआर पहलों और सतत विकास आधारित नवाचारों के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में योगदान दिया है।
अवार्ड प्राप्त करने के बाद डॉ. आनंद पोद्दार ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान संस्थान की पूरी टीम के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि आगे और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देती है तथा समाज के प्रति जिम्मेदारी को और मजबूत करती है।



















