भगवान महावीर के जयकारों के साथ 12 दिवसीय धार्मिक यात्रा रवाना

0
41

जयपुर। श्री दिगम्बर जैन पद यात्रा संघ के तत्वावधान में भगवान महावीर के सिद्धांतों, अहिंसा और शाकाहार के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से आयोजित 12 दिवसीय धार्मिक यात्रा बुधवार को भट्टारक जी की नसियां से रवाना हुई। संघ के संरक्षक सुभाष चंद जैन एवं मुख्य संयोजक सुरेश ठोलिया के नेतृत्व में 132 श्रद्धालुओं का दल तीन वातानुकूलित बसों से भगवान महावीर के जयकारों के बीच यात्रा पर निकला।

यात्रा से पूर्व जिनालय में सामूहिक देवदर्शन, मंगल प्रार्थना और श्रीजी की आरती हुई। इसके बाद यात्रा नेतृत्व से जुड़े पदाधिकारियों का तिलक एवं दुपट्टा पहनाकर सम्मान किया गया। गणमान्यजनों ने जैन ध्वज दिखाकर यात्रा दल को रवाना किया।

संरक्षक सुभाष चंद जैन ने बताया कि यात्रा भक्ति, साधना, तीर्थदर्शन और आत्मिक उन्नति का संगम होगी। मुख्य संयोजक सुरेश ठोलिया के अनुसार यात्रा दल कोसमा, प्रभाषगिरि-कौशांबी, सम्मेद शिखरजी, मंदारगिरि, चम्पापुर, पावापुरी, कुण्डलपुर, नालंदा, राजगीर, अयोध्या, अहिच्छत्र पार्श्वनाथ एवं मथुरा चौरासी सहित विभिन्न जैन तीर्थों के दर्शन करेगा।

प्रचार संयोजक विनोद जैन कोटखावदा ने बताया कि 20 व 21 जून को श्रद्धालु जैन धर्म के सर्वोच्च तीर्थ सम्मेद शिखरजी में 24 टोंकों की 27 किलोमीटर लंबी सामूहिक पैदल पर्वत वंदना करेंगे। यात्रा के दौरान अभिषेक, शांतिधारा, सामूहिक पूजा-अर्चना, संतों के प्रवचन, धार्मिक एवं देशभक्ति आधारित कार्यक्रमों के साथ भगवान महावीर के सिद्धांतों, अहिंसा और शाकाहार का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

यात्रा दल 28 जून को जयपुर लौटेगा। इस अवसर पर विभिन्न जैन संगठनों के पदाधिकारियों और समाज के गणमान्य लोगों ने यात्रियों को शुभकामनाएं देकर विदा किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here