जैन परिवार परिचय पुस्तिका का विमोचन: 132 परिवारों की जानकारी एक मंच पर

0
45
Launch of the Jain Family Introduction Booklet
Launch of the Jain Family Introduction Booklet

जयपुर। तारों की कूट स्थित सूर्य नगर के श्री शांतिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर से जुड़े जैन परिवारों की परिचय पुस्तिका का विमोचन बुधवार को मंदिर परिसर में आयोजित सादे समारोह में किया गया। राजस्थान जैन सभा के उपाध्यक्ष विनोद जैन कोटखावदा, मंदिर समिति के संरक्षक एवं पुस्तिका के संपादक नाभिराय जैन सौगानी तथा अध्यक्ष नवीन छाबड़ा ने भगवान शांतिनाथ के जयकारों के बीच पुस्तिका का विमोचन किया।

इस अवसर पर विनोद जैन कोटखावदा ने कहा कि परिचय पुस्तिका समाजोपयोगी सिद्ध होगी। इससे समाज में मेलजोल और आपसी समन्वय बढ़ेगा तथा वैवाहिक संबंधों के लिए भी यह उपयोगी साबित होगी।

पुस्तिका के संपादक एवं पुण्यार्जक नाभिराय जैन सौगानी ने बताया कि आचार्य 108 प्रज्ञासागर महाराज एवं मुनि विनम्र सागर महाराज के आशीर्वाद से प्रकाशित इस पुस्तिका में श्री शांतिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर का इतिहास, आवश्यक सेवाओं के फोन नंबर और अन्य जनोपयोगी जानकारियां शामिल की गई हैं। यह पुस्तिका स्व. बिरधीलाल सेठी, स्व. चांदमल सौगानी, स्व. अनोख बाई सौगानी, स्व. धनराज जैन एवं स्व. सुरेश कुमार सौगानी की पुण्य स्मृति में प्रकाशित की गई है।

प्रकाशन सहयोगी मनोज सौगानी एवं विनोद सौगानी ने बताया कि पुस्तिका में सूर्य नगर, कृषि नगर, तरु छाया नगर, सुदामा नगर, प्रेम कॉलोनी, आर.के. पुरम, चौधरी चरण सिंह कॉलोनी सहित आसपास की बस्तियों के 132 जैन परिवारों के सदस्यों का फोटो सहित परिचय प्रकाशित किया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here