जमवारामगढ़ (जयपुर)। ग्राम थोलाई संधाली स्थित श्री हनुमान मंदिर में श्री हनुमान मंदिर विकास समिति के तत्वावधान में आयोजित नौ दिवसीय भव्य एवं दिव्य 121 कुंडीय श्रीराम महायज्ञ बुधवार को पूर्णाहुति, महाआरती और विशाल भंडारे के साथ संपन्न हो गया। यह धार्मिक आयोजन महामंडलेश्वर सियाराम दास महाराज के पावन संरक्षण में आयोजित किया गया।
महायज्ञ के समापन अवसर पर वैदिक मंत्रोच्चार, घंटे-घड़ियाल और शंखनाद के बीच श्रद्धा एवं भक्ति का अनूठा वातावरण देखने को मिला। यज्ञ की पूर्णाहुति के दौरान 121 हवन कुंडों में वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार आहुतियां अर्पित की गईं तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और कल्याण की कामना की गई।
महायज्ञ के प्रवक्ता पंडित राजकुमार चतुर्वेदी ने बताया कि नौ दिनों तक चले इस धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्म लाभ प्राप्त किया। समापन अवसर पर देश के विभिन्न हिस्सों से पधारे संत-महंतों की गरिमामयी उपस्थिति रही। महाआरती के दौरान पूरा परिसर भक्तिमय माहौल से गूंज उठा।
यज्ञ समिति के अध्यक्ष रामस्वरूप मीणा एवं मुख्य पदाधिकारी बुद्धि प्रकाश ने बताया कि पूर्णाहुति के अवसर पर यज्ञ में पधारे सभी संत-महंतों का सम्मान समारोह आयोजित कर उन्हें आदरपूर्वक सम्मानित किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने संतों का आशीर्वाद प्राप्त किया।
महायज्ञ की पूर्णाहुति के बाद विशाल प्रसादी एवं भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें 20 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ कमाया। आयोजन के सफल संचालन में समिति के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों का विशेष सहयोग रहा।
धार्मिक आयोजन के समापन पर श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम एवं हनुमानजी के जयकारों के साथ क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।



















