13 सितंबर को मोती डूंगरी गणेश मंदिर में बंटेगी ‘शुभ मेहंदी’

0
23

जयपुर। मोती डूंगरी गणेश मंदिर में 13 सितंबर को श्रद्धालुओं को ‘शुभ मेहंदी’ का नि:शुल्क प्रसाद वितरित किया जाएगा। मंदिर की इस विशेष परंपरा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है। जयपुर और आसपास के क्षेत्रों में मान्यता है कि गणेशजी के दरबार से मिलने वाली इस प्रसादी मेहंदी को विवाह योग्य कुंवारे युवक-युवतियों के हाथों में लगाने से विवाह में आ रही बाधाएं दूर होती हैं और शीघ्र योग्य जीवनसाथी मिलने के योग बनते हैं।

विवाह की बाधाएं दूर होने की मान्यता

श्रद्धालुओं के अनुसार गणपति महाराज के चरणों में अर्पित मेहंदी को प्रसाद के रूप में लगाने से विवाह संबंधी दोष और बाधाएं दूर होती हैं। रिद्धि-सिद्धि के दाता भगवान गणेश के आशीर्वाद से मनोकामनाएं पूर्ण होने और जीवन में आने वाले विघ्न दूर होने की भी मान्यता है। इसी विश्वास के चलते विवाह योग्य बेटे-बेटियों वाले परिवारों में इस आयोजन को लेकर विशेष उत्सुकता है।

पूरी तरह नि:शुल्क होगा वितरण

मंदिर प्रशासन और आयोजन से जुड़े लोगों की ओर से ‘शुभ मेहंदी’ श्रद्धालुओं को पूरी तरह नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है और बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है।

आयोजकों एवं मंदिर से जुड़े श्रद्धालुओं ने आमजन से अपील की है कि वे 13 सितंबर को होने वाले इस विशेष आयोजन की जानकारी अपने रिश्तेदारों, मित्रों और विवाह योग्य युवक-युवतियों वाले परिवारों तक पहुंचाएं, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु गणेशजी की प्रसादी ‘शुभ मेहंदी’ का लाभ ले सकें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here