जयपुर। लीगलएज बाय टॉपरैंकर्स जयपुर की ओर से एसएमएस मेडिकल कॉलेज सभागार में क्लेट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्लेट परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक-1 प्राप्त करने वाली छात्रा गीताली गुप्ता सहित विभिन्न नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी (एनएलयू) में चयनित करीब 120 विद्यार्थियों को ट्रॉफी एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही दसवीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले करीब 35 मेधावी विद्यार्थियों को भी विशेष सम्मान प्रदान किया गया।
समारोह में विद्यार्थियों के अभिभावकों, संस्थान के अध्यापकगण एवं टीम सदस्यों की उपस्थिति में पूरे सभागार में उत्साह और प्रेरणा का माहौल रहा। लीगलएज के सुमित ओचानी ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि शिक्षाविद एवं मोटिवेशनल स्पीकर शहनवाज रयीन तथा वैभव प्रकाश की उपस्थिति में मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन और गणेश वंदना के साथ हुआ।
मुख्य अतिथियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता मेहनत, अनुशासन और सही मार्गदर्शन से मिलती है। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर सीखते रहने और बड़े लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया।
लीगलएज बाय टॉपरैंकर्स जयपुर के सेंटर डायरेक्टर सुमित ओचानी ने कहा कि यह संस्थान के लिए गर्व का विषय है कि राजस्थान की बेटी ने पूरे देश में प्रथम स्थान प्राप्त कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य केवल परीक्षा में सफलता दिलाना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और बेहतर भविष्य के लिए आवश्यक कौशल विकसित करना भी है।
उन्होंने विद्यार्थियों की सफलता का श्रेय उनके कठिन परिश्रम, अभिभावकों के सहयोग और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी सफल विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।



















