जयपुर। विश्व शांति राष्ट्र जागरण के लिए अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के मार्गदर्शन में आगरा रोड स्थित ग्रीन पार्क पंचमुखी महादेव मंदिर में 15 से 19 अप्रेल तक 24 कुंडीय शक्ति संवद्र्धन गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा।
आयोजन की पूर्व वेला में प्रयाज अभियान के अंतर्गत 11 अप्रेल को भूमि पूजन और ध्वज पूजन किया जाएगा। शांतिकुंज हरिद्वार से केन्द्रीय प्रतिनिधि गौरीशंकर सैनी कार्यक्रम के मुख्य अतिथि और राजस्थान जोन समवन्वयक ओमप्रकाश अग्रवाल विशिष्ट अतिथि होंगे। सुबह नौ बजे देव पूजन, अतिथि संस्कार, प्रज्ञागीत और देव पूजन होगा। सुबह साढ़े नौ बजे मुख्य अतिथि का महाआयोजन में हमारी भागीदारी क्यों और कैसे विषयक उद्बोधन होगा।
विशिष्ट अतिथि के आशीर्वचन के बाद सवा ग्यारह बजे भूमि पूजन और ध्वजारोहण किया जाएगा। अद्र्ध सूर्याकार में बैठे 27 यजमान भूमि पूजन में शामिल होंगे। प्रारंभ में धरती से उत्खलन करने की स्वीकृति मांगी जाएगी। भूमि में गड्ढ़ा खोदकर चावल और दही का भोग अर्पित किया जाएगा। पंच मंगल द्रव्य अर्पित कर चूनरी धारण कराई जाएगी।
इसके बाद यज्ञशाला का निर्माण प्रारंभ होगा। बुधवार को गायत्री शक्तिपीठ ब्रह्मपुरी के सह व्यवस्थापक मणिशंकर पाटीदार, गायत्री शक्तिपीठ वाटिका के व्यवस्थापक रणवीर सिंह चौधरी, कैलाश खंडेलवाल, ब्रजेश रावत के निर्देशन में यज्ञशाला निर्माण के लिए सीमांकन का कार्य प्रारंभ हुआ। वहीं महिलाओं ने करीब पांच सौ घरों में जाकर पीले चावल से देकर महायज्ञ में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। महायज्ञ से पूर्व निकाली जाने वाली 1100 महिलाओं की कलशयात्रा के लिए कलश भी वितरित किए गए।
दस अप्रेल तक 24 कॉलोनियों में आमंत्रण दिया जाएगा। एक-एक कुंड एक-एक कॉलोनी के निवासियों के लिए आरक्षित होगा। यज्ञ के बाद प्रत्येक कॉलोनी में एक साल तक गायत्री परिवार की यज्ञ, संस्कार, स्वावलंबन, नशा मुक्ति, कुरीति उन्मूलन सहित अन्य गतिविधियों का संचालन किया जाएगा।
हर घर की होगी भागीदारी:
गायत्री परिवार राजस्थान के समन्वयक ओमप्रकाश अग्रवाल ने बताया कि आगरा रोड पर बसी नई कॉलोनियों में शिक्षा, संस्कार, स्वावलंबन, नशा मुक्ति, नारी जागरण, कुरीति उन्मूलन, वृक्षारोपण की गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए यह महायज्ञ हो रहा है। स्थानीय लोगों को साथ लेकर गायत्री परिवार के सातों आंदोलनों का संचालन किया जाएगा।
यह यज्ञ पूरी तरह नि:शुल्क है। किसी भी जाति, वर्ग के लोग इसमें शामिल हो सकते हैं। आगरा रोड की 24 कॉलोनियों की प्रमुख रूप से भागादारी होगी। इन कॉलोनियों के प्रत्येक घर में ज्वारे उगाए गए है। महिलाएं ये ज्वारे कलश के साथ लेकर आएंगी। इन्हीं ज्वारों से यज्ञशाला की सात्विक सजावट की जाएगी।
ये होंगे आयोजन:
मंगलवार, 15 अप्रेल को शाम चार बजे आगरा रोड पर बाल्टी फैक्ट्री के पास स्थित लक्ष्मीनारायण मंदिर से गाजेबाजे और स्वरूप झांकियों के साथ कलशयात्रा निकाली जाएगी। इसमें 1100 से अधिक महिलाएं सिर पर कलश लेकर मंगल गीत गाती चलेंगी। बुधवार 16 अप्रेल को दोपहर दो से शाम पांच बजे तक संगीतमय प्रवचन होंगे। गुरुवार, 17 अप्रेल को सुबह आठ बजे से देव पूजन और गायत्री महायज्ञ होगा। इसी दिन दोपहर दो से शाम पांच बजे तक कार्यकर्ता गोष्ठी और संगीतमय प्रवचन होंगे।
शुक्रवार, 18 अप्रेल को सुबह आठ बजे से गायत्री महायज्ञ और विभिन्न संस्कार कराए जाएंगे। दोपहर दो से शाम पांच बजे तक संगीतमय प्रवचन होंगे। शाम सात से रात्रि नौ बजे तक राष्ट्र जागरण दीप महायज्ञ होगा। शनिवार, 19 अप्रेल को सुबह आठ बजे से गायत्री महायज्ञ एवं विभिन्न संस्कार होंगे। गुरु दीक्षा संस्कार विशेष रूप से कराया जाएगा। नशा मुक्ति संकल्प के साथ महायज्ञ की पूर्णाहुति होगी। दोपहर एक बजे शांतिकुंज से आई टोली की विदाई होगी।