जयपुर। पत्रकार कॉलोनी थाना क्षेत्र में एक पालतू जर्मन शेफर्ड डॉग द्वारा 4 वर्षीय मासूम बच्ची पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। डॉग ने बच्ची के सिर और आंख के पास हमला कर उसे बुरी तरह नोंच डाला, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
हेड कांस्टेबल रामनिवास ने बताया कि पत्रकार कॉलोनी स्थित राधाकुंज धोलाई की एक रेजीडेंसी में संतोष कुमार माथा अपने परिवार के साथ रहते हैं। उनकी 4 वर्षीय पुत्री आद्विका खंडेलवाल 24 मई की रात करीब 8:30 बजे अपने फ्लैट से दो घर छोड़कर रहने वाले बच्चों को बुलाने गई थी।
परिजनों के अनुसार जैसे ही बच्ची ने पड़ोसी फ्लैट का डोरबेल बजाया और गेट खुला, तभी अंदर से तेजी से दौड़कर आए पालतू जर्मन शेफर्ड डॉग ने उस पर अचानक हमला कर दिया। डॉग ने बच्ची के सिर और आंख के ऊपरी हिस्से को बुरी तरह नोंच लिया, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ी और चीखने लगी।
आरोप है कि घटना के बाद बच्ची की मदद करने के बजाय पड़ोसी ने पहले डॉग को अंदर खींच लिया और इसके बाद अपने फ्लैट का गेट बंद कर लिया। इस दौरान बच्ची दर्द से तड़पती रही। शोर सुनकर पहुंचे अन्य पड़ोसियों ने उसे संभाला और सोसायटी कॉरिडोर में लाकर प्राथमिक सहायता दी।
परिजन उसे तत्काल एसएमएस अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार बच्ची के सिर और आंख के पास गहरे घाव हैं और उसकी प्लास्टिक सर्जरी की आवश्यकता पड़ सकती है, जिसके लिए मंगलवार को सर्जनों द्वारा जांच की जाएगी। हादसे के बाद बच्ची मानसिक रूप से भी बुरी तरह सहमी हुई है और उसे बार-बार डॉग के हमले का डर सताता है।
पिता संतोष कुमार ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा लापरवाही बरतने वाले डॉग मालिक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


















