जयपुर। राजधानी के सांगानेर सदर थाना क्षेत्र स्थित मनोरियावाला इलाके में सोमवार को भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। आग की चपेट में आने से छह मवेशियों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि पशुपालक परिवार का आशियाना, चारा और घरेलू सामान जलकर राख हो गया। हादसे में लाखों रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार मनोरियावाला क्षेत्र में एक पशुपालक के छप्पर और आशियाने में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि वहां बंधे मवेशियों को बाहर निकालने तक का मौका नहीं मिल पाया। आग की लपटों में घिरकर छह बेजुबान मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के दौरान आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए अपने स्तर पर पांच पानी के टैंकर मंगवाए और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। सूचना पर दो दमकल वाहन भी मौके पर पहुंचे। दमकलकर्मियों और ग्रामीणों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। समय रहते आग को आगे फैलने से रोक लिया गया, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
आग से पशुपालक परिवार का घरेलू सामान, चारा और अन्य उपयोगी सामग्री पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार परिवार को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। हालांकि आग लगने के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है।
घटना की सूचना मिलते ही सांगानेर सदर थाना पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का मुआयना कर नुकसान का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नुकसान के सटीक आंकड़े राजस्व विभाग और पटवारी की रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएंगे।
इस हादसे से पीड़ित परिवार गहरे सदमे में है। वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से नुकसान का सर्वे करवाकर पीड़ित परिवार को जल्द उचित सरकारी मुआवजा देने की मांग की ।



















