मौसम बदला: दिन में पारे में आया उछाल, 20 शहरों का पारा 30 पार

0
245
Temperature crosses 30 in five cities
Temperature crosses 30 in five cities

जयपुर। प्रदेश में सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ के चलते रविवार को प्रदेश का मौसम बदला नजर आया। प्रदेश के अधिकांश शहरों में हल्के से मध्यम बादल छाए रहे और हवाएं चली। पश्चिम विक्षोभ के चलते सोमवार और मंगलवार को प्रदेश के 17 से अधिक शहरों में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है। रविवार को प्रदेश के 8 शहरों का रात का पारा 10 से नीचे रहा। प्रदेश के अधिकांश शहरों का दिन के पारे में उछाल दर्ज किया गया। बादलों के बीच सूरज की आंखमिचौली देखने को मिला। 20 शहरों का दिन का पारा 30 पार दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि 19 फरवरी को उत्तर-पश्चिमी राजस्थान व आसपास के क्षेत्र के ऊपर एक प्रेरित परिसंचरण तंत्र बन रहा है। इसके प्रभाव से 19-20 फरवरी को जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर व भरतपुर संभाग के कुछ भागों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने के पूरे आसार है। प्रदेश के 10 शहरों का पारा 30 से ऊपर दर्ज किया गया। प्रदेश के 13 शहरों का पारा 10 डिग्री से नीचे रहा।

मौसम विभाग के अनुसार फलौदी, डबोक, बाड़मेर, जैसलमेर, जोधपुर, पिलानी, चूरू, डूंगरपुर, जालौर, अजमेर, भीलवाड़ा ,वनस्थली,सीकर , कोटा ,बीकानेर ,धौलपुर ,बारां ,सवाईमाधोपुर , करौली और फतेहपुर का पारा 30 से ऊपर रहा। वहीं सीकर का न्यूनतम तापमान 7, करौली का 7.2, फतेहपुर का 8.4, सिरोही का 9.3, वनस्थली, बारां और जालौर का 9.7 डिग्री दर्ज किया गया। 33.6 डिग्री के साथ डूंगरपुर का दिन और 16.1 डिग्री के साथ बीकानेर की रात सबसे गर्म रही।

जयपुर के दिन और रात के पारे में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। रविवार को जयपुर का अधिकतम तापमान 29.4 और शनिवार रात न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं शनिवार को जयपुर का अधिकतम तापमान 28.8 और शुक्रवार रात न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री दर्ज किया गया था। जयपुर में दिनभर छितराए बादल छाए रहे और हल्की हवाएं चली। बादलों के बीच से सूरज की हल्की रोशनी भी निकली।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here