जयपुर। जयपुर कमिश्नरेट की स्पेशल टीम (सीएसटी) ने जयपुर शहर में चलाए जा रहे ऑपरेशन एक्शन अगेंस्ट गन (आग) के तहत सांगानेर थाना पुलिस ने कार्यवाही करते हुए अवैध हथियारों के साथ चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है । पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट कार बरामद की गई है। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व संजीव नैन ने बताया कि सीएसटी ने जयपुर शहर में चलाए जा रहे ऑपरेशन एक्शन अगेंस्ट गन (आग) के तहत सांगानेर थाना पुलिस ने कार्यवाही करते हुए अवैध हथियारों के साथ प्रशांत बघेल (21), पवन फौजदार (21),सौरभ शर्मा (23) और विष्णु बघेल (27) को गिरफ्तार किया गया है। जो मूलतः भरतपुर के रहने वाले हैं। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वह जगतपुरा फाटक के पास एक होटल में रुके थे और लूट की नीयत से घूम रहे थे। लेकिन मौका नहीं मिल पाया।
सांगानेर थानाधिकारी लिखमाराम ने बताया कि मुख्य आरोपी प्रशांत ने यह देशी कट्टा और कारतूस कपिल (निवासी मथुरा यूपी) से खरीदा था। आरोपी अब इस हथियार को अपने साथी सौरभ को बेचने की फिराक में थे। ताकि रुपए लेकर वापस भरतपुर जा सकें। पुलिस के अनुसार हथियार सप्लाई करने वाले कपिल के खिलाफ पहले से ही लूट, मारपीट और आर्म्स एक्ट के आधा दर्जन मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने अवैध हथियार रखने के मामले में चारों आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की। साथ ही उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी फिरौती, रंजिश अथवा किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे या नहीं।
इस कार्यवाही में थानाधिकारी लिखमाराम, सउनि नरेश कुमार, हेड कांस्टेबल कृष्ण लाल, कांस्टेबल शंकर लाल, दीपक और विष्णु कुमार की अहम भूमिका रही।




















