दस मंजिला अपार्टमेंट के फ्लैट में लगी भीषण आग: छत पर फंसे दो परिवारों का किया रेस्क्यू

0
61

जयपुर। श्याम नगर थाना इलाके में मंगलवार सुबह 10 मंजिला अपार्टमेंट के छठे फ्लोर स्थित एक फ्लैट में भीषण आग लग गई। आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने रेजीडेंसी गार्ड्स की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर पूरी बिल्डिंग खाली करवाई। छत पर फंसे दो परिवारों को हाइड्रोलिक फायर ब्रिगेड की सहायता से सुरक्षित नीचे उतारा गया।

थानाधिकारी दलवीर सिंह ने बताया कि जनपथ स्थित अलौकिक स्वरूप रेजिडेंसी नामक 10 मंजिला अपार्टमेंट में करीब 200 लोग निवास करते हैं। मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे छठी मंजिल पर रहने वाले कमल के फ्लैट में आग लग गई। आग की लपटें उठती देख कमल अपने परिवार सहित तुरंत बाहर निकल आए, लेकिन देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे अपार्टमेंट में धुएं का गुबार फैल गया।

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और रेजिडेंसी गार्ड्स की मदद से सभी फ्लैट्स से लोगों को बाहर निकाला। इस दौरान दो परिवारों के आठ सदस्य जान बचाने के लिए लिफ्ट से छत पर पहुंच गए। आग बढ़ने पर वे नीचे उतरना चाहते थे,लेकिन वायरिंग जल जाने से लिफ्ट बंद हो गई और वे छत पर ही फंस गए। इनमें 80 वर्षीय चलने-फिरने में असमर्थ बुजुर्ग महिला भी शामिल थीं।

फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। धुएं से पूरा अपार्टमेंट भर गया था। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान कांस्टेबल अंकित और मुखराम पांचवीं मंजिल तक पहुंचे और वहां लगे कांच तोड़कर धुआं बाहर निकाला। जिससे अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर लाया जा सका। हाइड्रोलिक फायर ब्रिगेड की मदद से छत पर फंसे दोनों परिवारों को सुरक्षित नीचे उतारा गया।

करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग से फ्लैट पूरी तरह जल गया और उसमें रखा सामान राख हो गया, जिससे लाखों रुपए के नुकसान का अनुमान है। पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।

सब्जी की दुकान में भीषण आग लगने से छह लाख का माल राख

वहीं विश्वकर्मा थाना इलाके में मंगलवार अलसुबह एक सब्जी की दुकान में भीषण आग लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने पांच दमकलों की मदद से करीब सवा घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से दुकान में रखा करीब 6 लाख रुपए का माल जलकर राख हो गया।

थानाधिकारी रविन्द्र सिंह ने बताया कि सीकर रोड स्थित खेतान हॉस्पिटल के पास सूरजमल जांगिड़ की सब्जी की दुकान है। रात करीब 2:15 बजे बंद दुकान से अचानक धुएं के साथ आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।

भीषण आग को देखकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही विश्वकर्मा थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। पांच दमकलों की सहायता से आग पर काबू पाया गया। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here