सिक्योरिटी गार्ड बनकर दुपहिया वाहन चुराने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार

0
64
Jaipur police crack down on snatching: 71 accused arrested in two-day operation
Jaipur police crack down on snatching: 71 accused arrested in two-day operation

जयपुर। एसएमएस अस्पताल थाना पुलिस ने दुपहिया वाहन चुराने वाले गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से नौ चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की हैं। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व संजीव नैन ने बताया कि एसएमएस अस्पताल थाना पुलिस ने दुपहिया वाहन चुराने वाले हेमेन्द्र महावर उर्फ हेमू (21) निवासी कोतवाली जिला करौली,घनश्याम कबरिया उर्फ संजय(18) निवासी रामगंज जयपुर और चन्द्रपाल सिंह (29) निवासी चिकसाना जिला भरतपुर को गिरफ्तार किया गया है।

इनमें से दो मेडिकल कॉलेज एसएमएस अस्पताल जयपुर सिक्योरिटी गार्ड है। पूछताछ में आरोपियों ने अपने साथी के साथ मिलकर बाइक चोरी करना स्वीकार किया। जिनकी निशानदेही पर चोरी की 9 मोटरसाइकिल बरामद की गईं।

पुलिस के अनुसार आरोपी एसएमएस मेडिकल कॉलेज परिसर में सुरक्षा गार्ड के रूप में तैनात थे। वे ड्यूटी की आड़ में मोटरसाइकिल चोरी करते थे। आरोपी पहले बाइक को एक स्थान से हटाकर दूसरी जगह छिपा देते थे और कुछ समय बाद पुलिस का खतरा कम होने पर उन्हें बेच देते थे। गिरफ्तार आरोपी हेमेन्द्र के खिलाफ पहले भी गंभीर आपराधिक मामला दर्ज है।

पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि सुरक्षा गार्डों का पुलिस सत्यापन कराया गया था या नहीं। इस कार्रवाई में पुलिस टीम के सदस्य सूरजमल, रामकेश, हरिमोहन, मेघराम, मुकेश कुमार, हनुमान प्रसाद, ललित कुमार और विकास की विशेष भूमिका रही। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

प्रभारी राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि 5 मार्च 2026 को परिवादी जितेन्द्र कुमार वर्मा ने अपनी मोटरसाइकिल चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिवादी ने बताया कि 26 फरवरी की रात वह अपनी बाइक आरडी हॉस्टल, मेडिकल कॉलेज एसएमएस अस्पताल जयपुर के गेट नंबर-5 की पार्किंग में खड़ी कर कैफे में चला गया था।

सुबह वापस आने पर बाइक वहां से गायब मिली। इस पर थाना एसएमएस अस्पताल ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आलोक सिंह के निर्देशन तथा सहायक पुलिस आयुक्त नारायण सिंह बालिजा के सुपरविजन में थाना प्रभारी राजेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में टीम गठित की। जांच के दौरान आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और मुखबिर की सूचना के आधार पर दो संदिग्धों को हिरासत में लिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here