525 ग्राम अवैध भांग के साथ शातिर बदमाश गिरफ्तार

0
43

जयपुर। नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जवाहर नगर थाना पुलिस ने एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 525 ग्राम अवैध भांग बरामद की है। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस उपायुक्त (जयपुर पूर्व) संजीव नैन ने बताया कि 27 फरवरी 2026 को नाहरगढ़ थाना क्षेत्र के गोविंद राव जी का रास्ता इलाके का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें एक व्यक्ति कार में भांग की पत्तियों के साथ बैठा नजर आ रहा था। इस संबंध में नाहरगढ़ थाने में मामला दर्ज कर संदिग्ध की तलाश की जा रही थी।

जिस पर थानाधिकारी महेश चन्द्र गुर्जर के नेतृत्व में पुलिस टीम को सूचना मिली कि वीडियो में दिखाई देने वाला व्यक्ति जवाहर नगर कच्ची बस्ती के टीला नंबर-1 पर भांग बेचने की फिराक में खड़ा है। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी मुकेश मीणा (40) निवासी जवाहर नगर को पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास से 525 ग्राम भांग बरामद हुई, जिसका उसके पास कोई वैध लाइसेंस नहीं था।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी खुद भी नशे का आदी है और उत्तर प्रदेश सहित अन्य स्थानों से भांग लाकर शहर के विभिन्न इलाकों में सप्लाई करता था। आरोपी के खिलाफ जवाहर नगर, लालकोठी, ट्रांसपोर्ट नगर और बस्सी थानों में मारपीट, दुर्घटना और आर्म्स एक्ट सहित आधा दर्जन मामले दर्ज हैं।

पांच हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार

चाकसू थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच हजार रुपए के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की चांदी की पायजेब बरामद की है। पुलिस उपायुक्त जयपुर दक्षिण राजर्षि राज ने बताया कि 31 जनवरी को चाकसू कस्बे के वार्ड नंबर 15 स्थित सूर्य कॉलोनी में परिवादिया के घर में घुसकर आरोपी चेतन मीणा (21) महिला को बहला-फुसलाकर चांदी की पायजेब चोरी कर ले गया था। इस संबंध में 2 फरवरी को चाकसू थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी व पारंपरिक पुलिस तरीकों की मदद से आरोपी की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने रविवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 75 ग्राम चांदी की पायजेब बरामद की है। मामले में अन्य सामान की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here