जयपुर। राजधानी में सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती कर ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आया है। एक युवती ने इंस्टाग्राम पर संपर्क कर युवक से नजदीकियां बढ़ाईं और बाद में लिव-इन रिलेशनशिप में रहकर लाखों रुपए ऐंठ लिए। इसके बाद झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर 10 लाख रुपए की मांग की गई।
पुलिस के अनुसार जयपुर निवासी 38 वर्षीय युवक ने मामला दर्ज करवाया है। उसने बताया कि करीब चार साल पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से उसकी 28 वर्षीय युवती से पहचान हुई थी। बातचीत के दौरान युवती ने खुद को अविवाहित बताया और बाद में लिव-इन रिलेशनशिप में रहने का प्रस्ताव रखा।
करीब दो साल पहले दोनों ने आपसी सहमति से लिव-इन के दस्तावेज भी तैयार करवाए। इस दौरान युवती ने बिजनेस के नाम पर युवक से लाखों रुपए ले लिए। बाद में युवक को युवती के शादीशुदा होने और गलत जानकारी देने का पता चला।
आरोप है कि इसके बाद युवती ने अपने साथियों के साथ मिलकर युवक को झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। यहां तक कि शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का मामला भी दर्ज करवाया गया।
पीड़ित के अनुसार युवती ने अपने साथियों के जरिए 10 लाख रुपए की मांग करते हुए राजीनामा कराने का दबाव बनाया और पैसे नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
लगातार मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर युवक ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।




















