वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना:देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत ने रामेश्वरम के लिए ट्रेन को दिखाई हरी झंडी

0
42
Senior Citizen Pilgrimage Scheme
Senior Citizen Pilgrimage Scheme

जयपुर। राजस्थान सरकार के देवस्थान विभाग की वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2025-26 के तहत मंगलवार को जयपुर के दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन से रामेश्वरम-मदुरई के लिए विशेष ट्रेन को देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। देवस्थान विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मंत्री कुमावत ने वरिष्ठजनों से मुलाकात की।

उन्होंने बताया कि बजट घोषणा-2025-26 की यह अंतिम ट्रेन थी। इसमें जयपुर, कोटा व भरतपुर संभाग के कुल 990 वरिष्ठजन रामेश्वरम-मदुरई के लिए रवाना हुए हैं। दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन से 400 यात्री, जबकि सवाई माधोपुर से 120 व कोटा रेलवे स्टेशन से 470 यात्री सवार हुए हैं। यह ट्रेन दो अप्रेल को रामेश्वरम पहुंचेगी। ट्रेन का ठहराव रामेश्वरम में एक दिन का होगा।

यहां पर सभी श्रद्धालुओं को हिंदु धर्म के महत्वपूर्ण चार धाम में से एक व देश के मुख्य रामनाथ स्वामी मंदिर व ज्योर्तिलिंग व मणी दर्शन करवाए जाएंगे। साथ ही धनुष्ज्ञ कोड़ी में रामसेतु के पानी में तैरते हुए पत्थरों के भी दर्शन कराए जाएंगे। इसके अलावा रामेश्वरम के निकटतम दर्शनिक स्थल भी दिखाए जाएंगे। अगले दिन सभी यात्रियों को ट्रेन से मदुरई लाया जाएगा, जहां उन्हें मीनाश्री मंदिर के दर्शन करवाए जाएंगे। मदुरई के बाद ट्रेन पुन: रवाना होकर 7 अप्रेल को जयपुर पहुंचेगी।

देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत ने बताया कि बजट घोषणा-2025-26 के तहत इस बार मार्च-2026 तक 56 ट्रेनों के जरिए 50 हजार वरिष्ठजनों को देशभर के तीर्थस्थलों की यात्रा करवाई जा चुकी है। उन्होंने बताया कि इसी तरह कुल 83 फ्लाइटस के जरिए 6 हजार वरिष्ठजनों को काठमांडू, नेपाल के पशुपतिनाथ के दर्शन करवाए जा चुके हैं।

कुमावत ने बताया कि अब वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन व अन्य तैयारियों को लेकर विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। इस मौके पर भाजपा सांगानेर के पूर्व प्रधान कैलाश कुमावत, देवस्थान विभाग के सहायक आयुक्त, जयपुर प्रथम रतनलाल योगी, जयपुर द्वितीय महेंद्र देवतवाल, आईआरसीटीसी के मैनेजर प्रदीप माहेश्वरी, भाजपा नेता पीयूष, भी मौजूद थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here