जयपुर। मानसरोवर स्थित प्रजापति विहार के श्री चिन्ताहरण काले हनुमान मंदिर में हनुमान जन्मोत्सव धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर में आकर्षक फूल बंगला झांकी सजाई गई, जिसने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।
मंदिर के महंत महामंडलेश्वर मनोहरदास महाराज के सानिध्य में भगवान हनुमान का पंचामृत एवं चमेली के तेल से विधिवत अभिषेक किया गया। इसके पश्चात नवीन पोशाक धारण कराकर लड्डू, मिष्ठान और फलों का भोग अर्पित किया गया।
मंदिर परिसर में 27 मार्च से चल रहे एकादश कुंडात्मक हनुमत् महायज्ञ की गुरुवार को पूर्णाहुति हुई। देश-विदेश से पधारे संत-महंतों ने श्रद्धालुओं की मनोकामना पूर्ण होने की प्रार्थना के साथ यज्ञ में आहुतियां दीं। यज्ञ का संचालन आचार्य पंडित अश्विनी चतुर्वेदी के निर्देशन में सम्पन्न हुआ।
महाआरती के पश्चात आयोजित भंडारा प्रसादी में हजारों श्रद्धालुओं ने पंगत में बैठकर प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन के मुख्य यजमान चंद्र प्रकाश भाड़ेवाला ने पधारे संत-महंतों का स्वागत एवं सम्मान किया।
मंदिर प्रवक्ता प्रियाशरण महाराज ने बताया कि हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर दिनभर हनुमान चालीसा एवं सुंदरकांड के पाठ किए गए। मंदिर परिसर को गुब्बारों, ध्वज-पताकाओं और फूलों से भव्य रूप से सजाया गया। सुबह से देर रात तक श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।




















