जयपुर। देशभर में बढ़ती फिटनेस जागरूकता के बीच जयपुर में भी रनिंग एक मजबूत सामुदायिक गतिविधि के रूप में तेजी से उभर रही है। इसी क्रम में जयपुर रनर्स क्लब की ओर से संविधान क्लब, जयपुर में विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें 50 से अधिक अल्ट्रा रनर्स को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन और समर्पण के लिए सम्मानित किया गया। यह आयोजन शहर में विकसित हो रही रनिंग संस्कृति और बढ़ते उत्साह को दर्शाता है।
कार्यक्रम में क्लब के को-फाउंडर मुकेश मिश्रा एवं रवि गोयनका, प्रेसिडेंट प्रवीण तिजारिया, एग्जीक्यूटिव प्रेसिडेंट दीपक शर्मा तथा एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर सुशील कुलहरी ने संयुक्त रूप से धावकों को सम्मानित किया। इस अवसर पर क्लब की कोर टीम के सदस्य भी मौजूद रहे।
ट्रेज़रर आस्था पारीक और सेक्रेटरी निपुण वाधवा ने सम्मानित धावकों की उपलब्धियों का उल्लेख किया। समारोह में कई धावकों के प्रदर्शन विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। राजेश चौधरी और प्रदीप ने “रण ऑफ कच्छ” में 218 किलोमीटर की दौड़ पूरी की। वहीं 100 किलोमीटर श्रेणी में जय प्रकाश पूनिया, प्रवीण गर्ग, नवनीत शर्मा, देविक चौधरी, डॉ. सुकेश जाखड़, जितेंद्र शर्मा, महेश जांगीड़, धारा सिंह चौहान, प्रदीप कुमार, रामकरण शर्मा और अमित भसीन ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की।
इसके अलावा आयरन मैन रन में अंकिता अग्रवाल, इशिता गुप्ता, ऋषभ डागा, डॉ. सुनीत सोनी और राजपाल चौधरी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। क्लब की ओर से 50 किलोमीटर श्रेणी के धावकों को भी सम्मानित किया गया। आयोजकों के अनुसार इन धावकों का प्रदर्शन अन्य प्रतिभागियों के लिए प्रेरणास्रोत है।




















