जयपुर। भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती की पूर्व संध्या पर सोमवार को सिविल लाइंस विधानसभा क्षेत्र स्थित अंबेडकर स्मारक सर्किल पर दीपदान कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर सिविल लाइंस भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा पूरे परिसर को दीपों की रोशनी से सजाकर बाबा साहेब के प्रति सम्मान और कृतज्ञता प्रकट की गई।
कार्यक्रम में सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा, एससी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री निहाल चंद मेघवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष अमित गोयल, जिला महामंत्री नवरतन नराणियां, रेखा राठौड़, राजेश तांबी, जिला उपाध्यक्ष हीरेन मिश्रा, सुरेंद्र पुरुवंशी, सिविल लाइंस मंडल अध्यक्ष इंदु परमार, महामंत्री प्रवीण शर्मा, संजय सैनी सहित बड़ी संख्या में सिविल लाइंस क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस अवसर पर संवाददाताओं से बातचीत में विधायक गोपाल शर्मा ने कहा कि डॉ. आंबेडकर का जीवन संघर्ष, समानता और न्याय के सिद्धांतों की प्रेरणा देता है। उनके बताए मार्ग पर चलते हुए समाज के हर वर्ग को सशक्त बनाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में सभी कार्यकर्ताओं ने बाबा साहेब के विचारों को आत्मसात करने और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रनिर्माण में बाबा साहेब के योगदान को याद करते हुए सामूहिक श्रद्धांजलि के साथ हुआ।




















