जयपुर। शहर के जनता स्टोर स्थित सिद्ध पीठ शनि धाम नवग्रह मंदिर में चैत्र शुक्ल प्रतिपदा से वैशाख शुक्ल प्रतिपदा तक चल रहे श्रीरामचरितमानस के मासिक अखंड पाठ की विधिवत पूर्णाहुति की गई। कार्यक्रम महंत पंडित शंकर लाल शर्मा के सानिध्य में श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ संपन्न हुआ।
पूर्णाहुति के अवसर पर भगवान शनि महाराज की विशेष फूल बंगला झांकी सजाई गई, जिसमें लड्डुओं का आकर्षक भोग अर्पित किया गया। मंदिर परिसर में आयोजित यज्ञ में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर आहुतियां दीं और सुख-समृद्धि की कामना की।
यज्ञ की पूर्णाहुति के पश्चात भव्य महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों भक्त शामिल हुए। इसके बाद पंगत प्रसादी का वितरण किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
मंदिर प्रबंधन के अनुसार इस धार्मिक आयोजन ने भक्तों में आस्था और उत्साह का वातावरण बनाया और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता देखने को मिली।




















