अक्षय तृतीया पर गूंजेंगी शहनाइयां, चार माह में 30 से अधिक शुभ मुहूर्त

0
51

जयपुर। रविवार को अक्षय तृतीया के अबूझ सावे पर बंपर विवाह होंगे। चातुर्मास से पूर्व लगभग 30 से अधिक विवाह के शुभ मुहूर्त हैं। ज्योतिषाचार्य पं. सुरेन्द्र गौड़ के अनुसार, इस सीजन का सबसे प्रमुख और अबूझ सावा 19 अप्रैल को अक्षय तृतीया के दिन रहेगा, जिसे विवाह के लिए अत्यंत शुभ माना जाता है। इसके अतिरिक्त अप्रैल, मई, जून और जुलाई माह में भी विभिन्न तिथियों पर विवाह के शुभ मुहूर्त उपलब्ध हैं, जिससे लगातार चार महीनों तक शादी समारोह आयोजित होंगे।

अक्षय तृतीया पर गंगोत्री-यमुनोत्री के खुलेंगे कपाट

अक्षय तृतीया को यमुनोत्री और गंगोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ ही 19 अप्रेल से चारधाम यात्रा का शुभारंभ होगा। इसके बाद 22 अप्रैल को केदारनाथ धाम तथा 23 अप्रैल को बद्रीनाथ धाम के कपाट खुलेंगे। उत्तरकाशी के खरसाली से यमुनोत्री धाम की डोली तथा मुखवा से गंगोत्री धाम की डोली 19 अप्र्रेल को अपने-अपने धाम पहुंचेगी।

इसी प्रकार 22 अप्रैल को उखीमठ से केदारनाथ धाम की डोली पहुंचेगी, जबकि 23 अप्रैल को जोशीमठ से बद्रीनाथ धाम की डोली आगमन के साथ कपाट खुलेंगे। बाबा केदारनाथ धाम सेवा समिति की ओर से केदारनाथ में 22 अप्रैल से विशेष शिविर लगाया जाएगा, जिसमें राजस्थान के श्रद्धालुओं को प्राथमिकता के साथ ठहरने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। समिति के सचिव मनोज वैष्णव ने बताया कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

यात्रियों का रजिस्ट्रेशन अनिवार्य:

चारधाम यात्रा के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन 11 अप्रैल से प्रारंभ हो चुके हैं। श्रद्धालु व्हाट्सएप नंबर 8394833833, मोबाइल ऐप तथा आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं।

ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन के लिए हरिद्वार के ऋषिकुल ग्राउंड में 20 से अधिक काउंटर तथा ऋषिकेश बस स्टैंड और ट्रांजिट कैंप में 34 काउंटर स्थापित किए गए हैं। पंजीकरण के लिए आधार कार्ड की फोटोकॉपी आवश्यक होगी। सत्यापन के बाद श्रद्धालुओं को क्यूआर कोड युक्त यात्रा पास जारी किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here