डीजीपी ने किया पुलिस मुख्यालय में आईएफएस प्रोबेशनर्स से संवाद

0
64
DGP Interacts with IFS Probationers at Police Headquarters
DGP Interacts with IFS Probationers at Police Headquarters

जयपुर। राजस्थान कैडर के वर्ष 2024 बैच के भारतीय वन सेवा (IFS) के सात प्रोबेशनर्स अधिकारियों ने गुरुवार को जयपुर स्थित पुलिस मुख्यालय में पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा एवं वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण संवाद सत्र में भाग लिया। यह संवाद प्रशिक्षण का अहम हिस्सा होने के साथ-साथ वन विभाग और पुलिस के बीच समन्वय को नई दिशा देने वाला रहा।

संवाद के दौरान राजीव कुमार शर्मा ने वन संरक्षण से जुड़े कानूनों, वन क्षेत्रों में होने वाले अपराधों, नवीन आपराधिक कानूनों तथा कानून-व्यवस्था की चुनौतियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वन विभाग और पुलिस के बीच मजबूत तालमेल से अवैध खनन, वन भूमि पर अतिक्रमण और वन्यजीव अपराध जैसे संवेदनशील मामलों में प्रभावी कार्रवाई संभव है।

बैठक में अधिकारियों को पुलिस तंत्र की कार्यप्रणाली, कानून-व्यवस्था बनाए रखने की रणनीतियों और अपराध नियंत्रण के व्यावहारिक पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई। वहीं, आईएफएस प्रोबेशनर्स ने वन संरक्षण, जैव विविधता और पर्यावरणीय चुनौतियों से जुड़े अपने अनुभव साझा करते हुए बहु-विभागीय सहयोग की आवश्यकता पर जोर दिया।

इस अवसर पर दोनों सेवाओं के बीच निरंतर संवाद और सूचनाओं के आदान-प्रदान को प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण बताया गया। संयुक्त प्रयासों से न केवल अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है, बल्कि प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा भी बेहतर ढंग से सुनिश्चित की जा सकती है।

डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने प्रोबेशनर्स को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में पुलिस के साथ सतत समन्वय बनाए रखने की सलाह दी। प्रधान मुख्य वन संरक्षक (विकास) शिखा मेहरा के नेतृत्व में पहुंचे आईएफएस अधिकारियों ने भी साझा जिम्मेदारियों वाले क्षेत्रों में मिलकर कार्य करने पर सहमति जताई।

संवाद सत्र में पुलिस मुख्यालय से डीजी संजय अग्रवाल, अनिल पालीवाल, एडीजी वी.के. सिंह, बिपिन पाण्डे, हवासिंह घुमरिया, एस. सेंगाथिर, रूपिंदर सिंघ और डीआईजी कुंवर राष्ट्रदीप सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here