भाजपा का लक्ष्य पंचायत से लेकर पार्लियामेंट तक भगवा लहराना: नितिन नवीन

0
56

जयपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का जयपुर आगमन पर भव्य एवं ऐतिहासिक स्वागत किया गया। एयरपोर्ट से लेकर भाजपा कार्यालय तक शहर के विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं और आमजन ने उत्साहपूर्वक अभिनंदन किया। पूरा शहर भगवामय वातावरण में रंगा नजर आया। एयरपोर्ट पर स्वागत के दौरान नितिन नवीन ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा का लक्ष्य पंचायत से लेकर पार्लियामेंट तक भगवा लहराना है।

उन्होंने जयपुर की पावन भूमि को नमन करते हुए भैरो सिंह शेखावत सहित प्रदेश के महान नेताओं और क्रांतिकारियों को याद किया। उन्होंने कहा कि देश में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास की नई दिशा तय हो रही है और “सबका साथ, सबका विकास” के मंत्र के साथ डबल इंजन सरकार निरंतर आगे बढ़ रही है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठन के विस्तार के साथ-साथ सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य करें। उन्होंने कहा कि भाजपा के सपनों को साकार करने के लिए सभी को मिलकर समर्पण भाव से कार्य करना होगा।

नितिन नवीन ने सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन और सरकार के समन्वय से भाजपा आने वाले समय में और अधिक सशक्त होगी। उन्होंने पश्चिम बंगाल चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि वहां की जनता ने सड़क पर उतर कर चुनाव लड़ा है। 4 मई को परिवर्तन के साथ भगवा लहराएगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने स्वागत भाषण में कहा कि नितिन नवीन ने युवा मोर्चा से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने भीषण गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में उपस्थित कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।

पूरे कार्यक्रम में जगह-जगह जेसीबी से पुष्प वर्षा, बैंड-बाजे, शहनाई, पारंपरिक नृत्य, हाथी—घोड़े और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह और ऊर्जा का संचार हुआ। युवा मोर्चा की ओर से राष्ट्रीय अध्यक्ष के काफिले को बाइक रैली से अगुवाई की गई।

इस दौरान भाजपा प्रदेश प्रभारी डॉ राधा मोहन दास अग्रवाल, उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच, बिहारी सिंह ​विश्नोई, सुरेंद्र पाल सिंह टीटी, हकरू भाई मईडा, अल्का मूंदडा, नाहर सिंह जोधा, छगन माहुर, ज्योति मिर्धा, सरिता गैना, महामंत्री श्रवण सिंह बगडी, भूपेंद्र सैनी, मिथिलेश गौतम, कैलाश मेघवाल, प्रदेश मंत्री नारायण मीणा, अजीत मांडण, आईदान सिंह भाटी, अपूर्वा सिंह, एकता अग्रवाल, नारायण पुरोहित, सीताराम पोसवाल, कोषाध्यक्ष पंकज गुप्ता, कार्यालय प्रभारी मुकेश पारीक, प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रमोद वशिष्ठ सहित प्रदेश पदाधिकारीगण, कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here